गुरुवार, 20 फ़रवरी 2014

अब 'अम्‍मा' के आश्रम पर भी पड़ा यौन शोषण का साया

तिरूअनंतपुरम। 
आध्यात्मिक नेता माता अमृतानंदमायी विवादों में हैं। अम्मा की एक करीबी ने अपनी पुस्तक में आश्रम में होने वाले यौन शोषण की पूरी कहानी बताई है। हाल ही में प्रकाशित "होली हेल,अ मेमोयर ऑफ फेथ,डिवोशन एंड प्योर मैडनेस" पुस्तक में जी.ट्रेडवेल उर्फ गायत्री ने बताया है कि किस तरह आश्रम में उसका यौन शोषण हुआ था।
गायत्री के मुताबिक आश्रम में रहने वाले वरिष्ठ लोगों के शारीरिक संबंध थे। आश्रम के प्रतिनिधि सुदीप कुमार ने इस बात की पुष्टि की है कि गायत्री दो दशक तक मां अमृतानंदमायी के साथ जुड़ी हुई थी। 1999 में उन्होंने आश्रम छोड़ दिया था। हालांकि कुमार ने पुस्तक के जरिए लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।
बकौल कुमार, आरोप हैरान करने वाले और सामान्य तर्क को चुनौती देने वाले हैं। ऑस्ट्रेलिया मूल की ट्रेडवेल उर्फ गायित्री ने 19 साल की उम्र में मां अमृतानंदमयी के पर्सनल अटेंडेंट के रूप में आश्रम ज्वाइन किया था। आश्रम में रहने के दौरान गायित्री ने देखा के केरल के एक फिशिंग गांव की रहने वाली महिला बहुत बड़ी आध्यात्मिक नेता बन गई। जिनके दुनिया भर में अनुयायी हैं। उनका ट्रस्ट स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में संस्थानों का नेटवर्क चलाता है।
गायित्री का कहना है कि अम्मा की पर्सनल अटेंडेंट के रूप में काम करते हुए वह ईश्वर को जानना चाहती थी। उसने सोचा था कि वह अपने लक्ष्य को हासिल कर सकती है। बकौल गायत्री शुरूआत के दिनों में उसे नहीं भुलाए जाने आध्यात्मिक अनुभव हुए। गायित्री का आरोप है कि अम्मा की मासूमियत और पवित्रता का दिखावा करने के लिए विश्वस्त लोगों की ऎसी टीम थी जो उनका गंदा काम करती थी। इसमें वह भी शामिल थी।
गायत्री के मुताबिक आश्रम में रहने वाले एक व्यक्ति ने उसका यौन शोषण किया था। बार बार यौन शोषण होने से उसका विश्वास खत्म हो गया। अपनी जीवनी में गायित्री ने आश्रम के सदस्यों के बीच होने वाले कथित स्वछंद संभोग के बारे में बताया है। गायित्री का कहना है कि जब आश्रम के कुछ लोग अम्मा के परिवार की संपत्ति को लेकर कुछ बोलते तो उनका विश्वस्त प्रतिनिधि बालू कहता कि संपत्ति अम्मा के पिता के मछली पालन बिजनेस से जुड़ी है।
गायित्री की पुस्तक अमेजन डॉट कॉम पर उपलब्ध है। जब पुस्तक पर आधारित रिपोर्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई तो सीपीएम के सांसद और पार्टी के दैनिक देशाभिमानी के रेजिडेंट एडिटर(कोçच्च)पी.राजीव ने मामले की रिपोर्ट पर मुख्य धारा के मीडिया की विमुखता की आलोचना की। राजीव ने कहा कि वे दिन चले गए जब लोगों को अंधेरे में रखा जाता था। 

दरअसल, कहानी तो अब शुरू हो रही है

( लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष)
2014 के लिए दुंदुभि बज चुकी है, शंखनाद होने को है। राजनीति के बयानवीरों ने शब्‍दों के इतने तीक्ष्‍ण विषवाण छोड़ना शुरू कर दिया है जिन्‍हें सुनकर लगता है कि वह सारी जंग अपने मुंह से ही जीत लेंगे। एक-दूसरे को मर्यादा का पाठ पढ़ाने वाले खुद किसी मर्यादा में रहने को तैयार नहीं हैं। वह कब मर्यादा लांघ जाते हैं, इसका शायद उन्‍हें अहसास तक नहीं होता।
नेताओं ने 'राजनीति' से 'नीति' को कब काटकर अलग कर दिया और कब चुनावी प्रक्रिया को केवल 'राज' पाने का हथियार बना डाला, इसका अंदाज आमजन को लगा ही नहीं। वह तो इस भुलावे में रहा कि 'राजनीति' का नीति व नैतिकता से अब भी कोई वास्‍ता जरूर होगा।
बहरहाल, सवा अरब की आबादी वाले इस मुल्‍क की जनता को हमेशा की तरह यह उम्‍मीद है कि 2014 में कुछ नया होगा। कुछ ऐसा होगा जो आशा की किरण जगायेगा और देश की दशा सुधारने में सहायक होगा।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के अचानक हुए उदय ने 2014 के लोकसभा चुनावों को खास बना दिया है। बेशक वह अभी अपने शैशवकाल में है और इसलिए उसके भविष्‍य पर टिप्‍पणी करना बेमानी है परंतु एक काम उसने जो किया है वह यह कि गंदगी से पटे पड़े राजनीति के तालाब में जैसे कंकड़ फेंक दिया हो। गंदगी के बीच बचे हुए थोड़े-बहुत पानी में इस कंकड़ से तरंगें उठने लगीं हैं। आमजन के मन में भी कहीं उम्‍मीद की कोई किरण पैदा हुई है कि हो न हो, बदलाव की शुरूआत यहीं से हो जाए। संभव है आज जो चिंगारी पैदा हुई है, कल वही शोला बनकर भारत के आम नागरिक को स्‍वतंत्रता का सच्‍चा अहसास करा पाए।
इस बीच तेलंगाना को लेकर जिस तरह लोकसभा और राज्‍यसभा में माननीयों ने अपने आचरण का प्रदर्शन किया, उससे एक बात पूरी तरह साफ हो गई कि जनता उनके बावत चाहे जो सोचती रहे लेकिन वह किसी तरह सुधरने को तैयार नहीं हैं। तब भी नहीं, जब आमजन यह मानने लगा हो कि माननीय का तमगा प्राप्‍त यह वर्ग ही हकीकत में देश के माथे पर कलंक बन चुका है और इसका इलाज करना अब जरूरी हो गया है।
इधर सुप्रीम कोर्ट ने जैसे ही राजीव गांधी की हत्‍या के दोषियों की फांसी को उम्रकैद की सजा में तब्‍दील किया, वैसे ही तमिलनाडु की मुख्‍यमंत्री जे. जयलिलता ने 2014 के लिए सबसे बड़ा चुनावी हथियार आजमा डाला। जयललिता ने तीसरे मोर्चे को सीढ़ी बनाकर प्रधानमंत्री की कुर्सी पर काबिज होने की अपनी इच्‍छा तो पहले ही जाहिर कर दी है, अब उसके लिए हर प्रकार का हथकंडा अपनाने की मंशा से भी अवगत करा दिया है।
जयललिता की इस नई चुनावी बिसात पर कांग्रेस का आगबबूला होना स्‍वाभाविक था और इसीलिए खुद राहुल गांधी तक ने कह डाला कि अगर देश के पूर्व प्रधानमंत्री को न्‍याय नहीं मिल सकता तो आम आदमी न्‍याय की उम्‍मीद कैसे कर सकता है।
राहुल गांधी का दुख तो समझ में आता है लेकिन यह बात उन्‍हें भी समझनी होगी कि जयललिता जो कुछ कर रही हैं, यह उसी घिनौने राजनीतिक खेल का हिस्‍सा है जिसकी शुरूआत कांग्रेस ने खुद की थी।
कांग्रेस का हर निर्णय कुछ इसी तरह की घिनौनी राजनीति के इर्द-गिर्द रहता है। याद कीजिए प्रियंका और सोनिया का नलिनी को लेकर उठाया गया कदम जिससे साफ होता है कि वह भी राजीव के सभी हत्‍यारों को फांसी से बचाना चाहती थीं।
अगर वह वाकई यही चाहती थीं तो आज जयललिता के निर्णय पर इतनी हायतौबा किसलिए। क्‍या इसलिए कि राजीव के हत्‍यारों को माफी दिलवाकर जो श्रेय सोनिया एंड कंपनी खुद लेना चाहती थी, उस पर जयललिता ने एक झटके में न सिर्फ पानी फेर दिया बल्‍कि चुनावी गणित फिट करके उसका पूरा लाभ उठाने की भी रणनीति बना डाली।
अब जयललिता के दोनों हाथ में लड्डू हैं। केन्‍द्र यदि राजीव के हत्‍यारों को रिहा करने की इजाजत देता है तो उसका चुनावी लाभ अम्‍मा को इसलिए मिलेगा कि उसकी पहल उन्‍होंने की और यदि नहीं देता है तो भी उन्‍हें इसलिए लाभ मिलेगा कि उन्‍होंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। इसके ठीक उलट कांग्रेस दोनों स्‍थितियों में खाली हाथ रहेगी और यही माना जायेगा कि उसने जो कुछ किया, सिर्फ मजबूरी में किया।
कांग्रेस के पास इस बात का भी कोई जवाब नहीं है कि यदि वह राजीव के हत्‍यारों को माफी देने के पक्ष में नहीं थी तो दस सालों से क्‍या कर रही थी। केंद्र में अपनी सरकार के होते क्‍यों नहीं वह राष्‍ट्रपति से उस पर कोई फैसला करा पाई। दया याचिकाओं पर निर्णय लेने के राष्‍ट्रपति के अधिकार को किसी समय-सीमा में बांधने की बात यदि फिलहाल छोड़ भी दी जाए तो भी क्‍या कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट के रुख से स्‍पष्‍ट नहीं हो रहा था कि वह राजीव गांधी की हत्‍या के दोषियों को राहत दे सकता है।
कांग्रेस अगर चाहती तो सुप्रीम कोर्ट के रुख को भांपकर राष्‍ट्रपति से तत्‍काल कोई फैसला करने का अनुरोध कर सकती थी लेकिन उसने ऐसा कुछ नहीं किया और केवल तमाशबीन बनी रही।
जाहिर है कि उसकी अपनी नीयत भी पूरे मामले को राजनीतिक हानि-लाभ के तराजू में तौलने की थी लेकिन अब बाजी हाथ से निकलती देख हवा का रुख बदलने की कोशिश की जा रही है।
सच तो यह है कि सत्‍ता पर काबिज रहने और काबिज होने के पूरे खेल का न कोई नियम रह गया है, न कोई नीति। जो कुछ है सब अनीति ही अनीति है।
अनीति के इस खेल का अब वो दौर आ गया है जब खिलाड़ी खुद मोहरा बनने लगे हैं। शह और मात के लिए नियमों को ताक पर रखने का ही परिणाम है कि प्‍यादा भी वजीर को चुनौती दे रहा है।
चुनौती तो आमजन के सामने भी है लेकिन वह इस बात से खुश है कि अब तक आग लगाकर दूर से तमाशा देखने वाले, खुद तमाशा बन रहे हैं। जो अब तक मचान पर बैठकर शिकार करते रहे, वह अपनी ही नीतियों का शिकार हो रहे हैं। बकरी को बांधकर शेर को ललचाने की परंपरा घातक होती जा रही है।
बेहतर होगा कि समय रहते राजनीति और चुनावी खेल के नियमों में परिवर्तन कर लिया जाए वर्ना वो दिन दूर नहीं जब शिकारी, शिकार का निवाला बन जायेगा और उसके सारे हथियार धोखा दे जायेंगे।
2014 भले ही पूरी व्‍यवस्‍था को परिवर्तित न कर पाए लेकिन उसके लिए रास्‍ता बनाने का ज़रिया जरूर बनेगा क्‍योंकि 66 सालों की तथाकथित स्‍वतंत्रता से लोगों का भरोसा उठने लगा है और वो समझने लगे हैं कि 15 अगस्‍त 1947 को जो परिवर्तन हुआ था, वह भी एक छलावा था।
उधार के संविधान और उसके आधार पर बने कानून ने सिर्फ सूरतों में रद्दोबदल किया, सीरतों में नहीं लिहाजा आज के शासकों तथा बीते हुए कल के शासकों में कोई फर्क दिखाई नहीं देता।
चूंकि 66 साल एक आदमी की औसत उम्र भी है इसलिए मान लेना चाहिए कि 1947 में फिरंगियों से मिली स्‍वतंत्रता और उनसे विरासत में मिले संविधान प्रदत्‍त अधिकार एवं कर्तव्‍यों की भी मियाद पूरी हो चुकी है।
अब उस नई सोच के हिसाब से संविधान गढ़ना होगा जो स्‍वतंत्रता के साथ-साथ अपने अधिकार एवं कर्तव्‍यों को पहले से कहीं अच्‍छी तरह समझने लगा है और जो राजनीति, राजनेताओं, चुनावी खेल तथा सत्‍ता हथियानों के लिए अपनाये जाने वाले हथकंडों से वाकिफ हो चुका है।
आउटडेटेड हो चुकी स्‍वतंत्रता और बेमानी हो चुकी राजनीति को राजनीतिक दल समय रहते समझ लें तो ठीक अन्‍यथा समय तो सब समझा ही देगा। इंतजार कीजिए.....कहानी अभी खत्‍म नहीं हुई। सच तो यह है कि कहानी यहां से शुरू हो रही है।

मंगलवार, 18 फ़रवरी 2014

कहां से आए इतने चील, गिद्ध और कौए ?

(लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष) 
ऐसा लगता है जैसे इस देश पर प्रेतों का साया हो। इंसानों से कहीं अधिक चील, गिद्ध और कौए मंडरा रहे हों। आम इंसान इनकी शक्‍ति व सामर्थ्‍य के सामने बेबस सा हो गया है। वह इनकी हरकतों को चुपचाप देखते रहने पर मजबूर है जबकि यह उसकी आत्‍मा तक को कचोट रहे हैं।
इंसानी शक्‍ल अख्‍़तियार किए आखिर कहां से आये इतने चील, गिद्ध और कौए? कहां से आई इनमें इतनी शक्‍ति व इतना सामर्थ्‍य? इतनी प्रेत आत्‍माएं कब और कैसे एकत्र हो गईं?
सवाल बहुत से हैं लेकिन जवाब किसी का नहीं। जिन्‍हें जवाब देना है या जिनके ऊपर जवाबदेही है, वही सबसे बड़े सवाल बनकर आ खड़े हुए हैं।
गीता में भगवान श्रीकृष्‍ण ने कहा है कि आत्‍मा अजर और अमर है। उसे ना कोई अस्‍त्र-शस्‍त्र नुकसान पहुंचा सकता है और ना अग्‍नि जला सकती है। आत्‍मा कभी नहीं मरती। वह तो सिर्फ उसी प्रकार अपना चोला बदलती है जिस प्रकार इंसान वस्‍त्र बदलता है।
सब जानते हैं कि इंसानों की बढ़ती भीड़ ने जंगल और जंगली पशु एवं  पक्षियों के अस्‍तित्‍व पर प्रश्‍नचिन्‍ह लगा दिया है। जंगल जितनी तेजी से खत्‍म हो रहे हैं, इंसान उतनी ही तेजी से बढ़ रहे हैं।
तो क्‍या हिंसक जंगली जानवर अब इंसानों का चोला पहन कर पैदा हो रहे हैं?
क्‍या इसीलिए इंसान से दिखने वाले जीवों में जंगली पशु-पक्षियों सी हिंसक प्रवृत्‍ति नजर आती है?
क्‍या यही वजह है कि आकाश में भी अब चील, गिद्ध और कौए जैसे मांसाहारी पक्षी दूर-दूर तक दिखाई नहीं देते?
यदि गीता में कहे गए श्रीकृष्‍ण के वचनों पर भरोसा करें तो सच्‍चाई यही लगती है।
हां! जो हिंसक आत्‍माएं अतृप्‍त रह जाती हैं और भटकने को बाध्‍य हैं, वह प्रेत योनि को प्राप्‍त कर आमजन की सुख-शांति नष्‍ट करती रहती हैं। उनका साया इंसानों को तरह-तरह से प्रताड़ित करता रहता है।
भारत के मामले में यह बात इसलिए अधिक उचित प्रतीत होती है क्‍योंकि यह दुनिया के उन मुल्‍कों में सबसे ऊपर है जहां जनसंख्‍या अनियंत्रित है और उसे नियंत्रित करने का कोई प्रयास किसी स्‍तर पर नहीं किया जा रहा। यह उन देशों में भी सबसे ऊपर है जहां जंगलात की बर्बादी तथा कंक्रीट के जंगली विस्‍तार को रोकने का कोई उपाय किसी स्‍तर पर नहीं किया जा रहा।
प्रकृति के इस असंतुलन से इंसानों की शक्‍ल में हिंसक जीव-जंतु पैदा हो रहे हैं और हिंसक जीव-जंतुओं को इंसान अपना निवाला बना रहा है। इंसानों की शक्‍ल लेकर पैदा होने वाले हिंसक जीव-जंतुओं की मौलिक प्रवृत्‍ति उनसे जानवरों सरीखे काम करा रही है और जानवरों को अपनी ज़िंदगी बचाना मुश्‍किल हो रहा है।  
प्रकृति के असंतुलन से उपजी विकृतियों का ही परिणाम है कि कभी केदारनाथ का सैलाब हजारों लोगों की ज़िंदगी छीन लेता है तो कभी भारी बारिश एवं चक्रवात अनगिनित लोगों की ज़िंदगी उजाड़ देता है।
गीता के श्‍लोकों पर भरोसा करें तो बढ़ते आतंकवाद व नक्‍सलवाद की भी यही वजह है अन्‍यथा कोई इंसान कैसे इतना हिंसक, इतना दयारहित हो सकता है जो बिना किसी कारण एकसाथ अनेक निर्दोष लोगों की जान ले डाले। कैसे कोई इतना सेंसलैस हो सकता है कि अपनी ही बहन-बेटियों की इज्‍ज़त अपनी हवस मिटाने के लिए तार-तार कर दे। कैसे कोई किसी राह चलती महिला पर झपट्टा मारकर उसे अपनी हवस मिटाने के लिए उठा ले जा सकता है, लेकिन हो यही रहा है। इसलिए हो रहा है कि जानवरों में किसी रिश्‍ते-नाते का कोई मतलब नहीं होता। जानवर अपनी ही संतति से शारीरिक संबंध स्‍थापित करते हैं। जानवर ही शारीरिक संबंध बनाने के लिए विपरीत सेक्‍स की इच्‍छा-अनिच्‍छा को महत्‍व नहीं देते।
दूसरी ओर माननीयों का तमगा प्राप्‍त हमारे जनप्रतिनिधि संविधान के मंदिर में बैठकर अपने ही साथियों पर हमलावर हो जाते हैं। कहने को यह देश दुनिया का सबसे विशाल लोकतंत्र है लेकिन कुर्सी की खातिर लोकतंत्र को खूंटी पर टांग दिया जाता है। वर्चस्‍व के लिए जंगली जानवरों सा व्‍यवहार करना कोई नई बात नहीं रह गई है। आज संसद में पैपर स्‍प्रे का इस्‍तेमाल किया गया, कल किसी घातक रसायन हथियार का भी प्रयोग किया जा सकता है। हो सकता है कि कभी कोई माननीय, मनोज वाजपेयी अभिनीत फिल्‍म 'शूल' के क्‍लाईमेक्‍स को साकार कर दे अथवा पूरी संसद को ही ब्‍लास्‍ट करके उड़ा दे।
तेलंगाना पर संसद में किए गए उपद्रव के बाद यह तो पता लग ही चुका है कि संसद के अंदर प्रवेश के लिए माननीयों को चैक करने का कोई नियम नहीं है। वह चाहें तो असलाह भी अंदर ले जा सकते हैं।
इन हालातों में इंसानी शक्‍लो-सूरत वाले कौन से माननीय कब अपनी मौलिक प्रवृत्‍ति का प्रदर्शन करने को हथियारों के साथ प्रवेश कर जाएं और कब देश को एक नया काला अध्‍याय लिखने को मजबूर कर दें, कहना मुश्‍किल है।
कहना तो यह भी मुश्‍किल है कि कंक्रीट के जंगल में विशाल एवं आलीशान बंगलों के अंदर निवास करने वाला कौन सा हिसंक परंतु माननीय जीव कब अपनी हवस मिटाने पर आमादा हो जाए। कुछ भी कहना मुश्‍किल है।
यह भी कि कहीं संसद पर मंडरा रहा प्रेतों का साया, उन्‍हीं अतृप्‍त माननीयों का हो जिनकी आत्‍माएं मनमाफिक कुर्सी पाने से पूर्व ही दुनिया से चल बसी हों और वही संसद की शांति भंग करने के लिए जिम्‍मेदार हों।
जो भी हो, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं कि आज तमाम लोग जो इंसान जैसे दिखाई देते हैं जरूरी नहीं कि वाकई इंसान ही हों। यह भी हो सकता है कि वह इंसान की शक्‍ल में भेड़िये हों और इसीलिए हर वक्‍त अपनी धूर्त चालों से अपना मकसद पूरा करने की जुगत भिड़ाते रहते हों।

बुधवार, 12 फ़रवरी 2014

मोदी उवाच और मथुरा की उम्‍मीदवारी का कलह?


(लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष) अपने विशाल आकार के कारण भारत की राजनीति में यूं तो उत्‍तर प्रदेश ने हमेशा ही अपनी महत्‍ता बनाकर रखी है और हमेशा ही ऐसा माना जाता रहा है कि दिल्‍ली पर काबिज होने का रास्‍ता उत्‍तर प्रदेश से होकर जाता है लेकिन इस बार उत्‍तर प्रदेश की विशेष अहमियत है।

अहमियत की वजह है इस बड़े राज्‍य में उन दोनों बड़ी पार्टियों की एक लंबे समय से लगातार दुर्गति होना, जो राष्‍ट्रीय पार्टियां कहलाती हैं और जिनके बीच दिल्‍ली पर काबिज़ होने की असली जंग लड़ी जानी है।
तमाम राजनीतिक विशेषज्ञ भी यह मानते हैं कि उत्‍तर प्रदेश से 40 सीटें जीत लेने वाला राजनीतिक दल किंग नहीं तो किंगमेकर ज़रूर बनेगा और 50 से अधिक सीटें जीत ले जाने वाले के सिर ताज होगा।
चूंकि उत्‍तर प्रदेश में सपा व बसपा जैसी पार्टियों का अपना-अपना जनाधार है और राष्‍ट्रीय लोकदल भी किसी न किसी बैसाखी के सहारे कुछ सैंध लगा लेता है इसलिए कांग्रेस व भाजपा के लिए यह बड़ी चुनौती बन चुका है। यूपी फतह करना हर राजनीतिक दल के लिए टेढ़ी खीर है।
यहां यह समझ लेना और भी ज़रूरी है कि जिस तरह दिल्‍ली पर काबिज़ होने का रास्‍ता यूपी से होकर जाता है, उसी तरह यूपी में झंडा फहराने का रास्‍ता प्रशस्‍त होता है ब्रजमंडल की सीटों पर फतह प्राप्‍त करके।
ब्रजमंडल में मथुरा का एक विशेष स्‍थान है क्‍योंकि मथुरा को श्रीकृष्‍ण की जन्‍मभूमि का गौरव प्राप्‍त है। विश्‍व में मथुरा का धार्मिक स्‍वरूप उसे एक अलग पहचान दिलाता है।
यही वह पहचान है जिसकी वजह से भारतीय जनता पार्टी के लिए मथुरा काफी अहमियत रखता है और मथुरा की सीट पर विजय हासिल किए बिना यूपी में बड़ी सफलता हासिल करना मुश्‍किल है।
कांग्रेस की चर्चा करना यहां इसलिए बेमानी है क्‍योंकि उसने रालोद से लगभग तय हो चुके चुनाव पूर्व गठबंधन के तहत मथुरा को उसके खाते में डाल दिया है लिहाजा कांग्रेस यहां अपना उम्‍मीदवार खड़ा नहीं करेगी। पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा यह गलती कर चुकी है और उसका खामियाजा अब तक भुगत रही है।
इन हालातों में अब सबसे बड़ा सवाल यह पैदा होता है कि भाजपा ऐसा कौन सा चेहरा मथुरा से उतारने जा रही है जो न केवल उसकी स्‍थानीय इकाई को स्‍वीकार हो बल्‍कि सिटिंग सांसद और रालोद के युवराज जयंत चौधरी को शिकस्‍त देने का माद्दा रखता हो।
सर्वविदित है कि कृष्‍ण की जन्‍मभूमि का गौरव प्राप्‍त मथुरा जनपद के भाजपाई जबर्दस्‍त अंतर्कलह के शिकार हैं। गुटबाजी और अंतर्कलह के चलते मथुरा में उम्‍मीदवारी का चयन करना पार्टी के लिए कभी आसान नहीं रहा। चौधरी तेजवीर सिंह की हार के बाद यह काम ज्‍यादा मुश्‍किल हो गया और इसीलिए 2009 के लोकसभा चुनावों में मथुरा की सीट पार्टी को रालोद के लिए छोड़नी पड़ी।
फिलहाल यह कहा जा सकता है कि भाजपा को मथुरा में अपना वजूद नए सिरे से कायम करना होगा और उसके लिए कोई ऐसा उम्‍मीदवार सामने लाना होगा जो पार्टी के लिए लगभग बंजर हो चुकी ब्रजभूमि को फिर से उर्वरा बना सके।
पार्टी सूत्रों के हवाले से मिल रही खबरों पर भरोसा करें तो संभावित उम्‍मीदवारों की सूची में सबसे ऊपर नाम चल रहा है पूर्व में तीन बार सांसद रह चुके चौधरी तेजवीर सिंह का। लेकिन तेजवीर सिंह का सर्वाधिक विरोध पार्टी के स्‍तर पर ही किया जा रहा है, और वो भी सजातीय नेताओं द्वारा। चूंकि टिकट पाने की दौड़ में दूसरे जाट नेता भी हैं इसलिए खेमेबंदी अधिक है।
चौधरी तेजवीर सिंह के विरोध का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके बावत सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर एक बैनर बनाकर चस्‍पा किया गया है। इस बैनर की हैडिंग है- ''मथुरा के पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह के ऊपर जनता के गंभीर आरोप''।
इस बैनर में लिखा है कि मथुरा लोकसभा से 3 बार सांसद बनने के बावजूद तेजवीर सिंह ने जनता के लिए 3 काम नहीं किए जबकि अपने लिए 300 काम किए।
तेजवीर सिंह पर क्रमबद्ध तरीके से लगाये गये आरोपों के अनुसार सांसद बनने से पूर्व वह मात्र 100 गज जमीन पर बने मकान में रहते थे जबकि आज 36000 स्‍क्‍वायरफीट में बने आलीशान बंगले के मालिक हैं।
सांसद बनने से पहले वह मारुति 800 कार में चला करते थे परंतु आज उनके पास टाटा सफारी व होंडा सिटी जैसी कई लग्‍ज़री गाड़ियां हैं।
सांसद बनने से पूर्व वह मात्र कुछ लाख की संपत्‍ति के मालिक थे परंतु आज अरबों में खेल रहे हैं।
सांसद बनने से पहले चौधरी तेजवीर सिंह का कोई खास व्‍यापार नहीं था लेकिन अब एक बहुत बड़े कॉलेज, पेट्रोल पंप तथा गैस एजेंसी के संचालक हैं और जयपुर में काफी बड़ा रेजीडेंसी प्रोजेक्‍ट खड़ा कर रहे हैं।
बैनर मैं जनता से पूछा गया है कि 15 सालों से राजनीति में निष्‍क्रिय रहे ऐसे पूर्व सांसद तेजवीर सिंह को क्‍या इस बार लोकसभा प्रत्‍याशी बनाया जाना चाहिए?
बैनर में ही दूसरा सवाल भाजपा हाईकमान से किया गया है कि जनता के बीच एक फ्लॉप सांसद की छवि वाले चौधरी तेजवीर सिंह को फिर एक बार उम्‍मीदवार बनाने की सोचकर भी क्‍या वह गलती नहीं कर रहे ?
लीजेण्‍ड न्‍यूज़ ने अपने स्‍तर से जब इस बैनर को फेसबुक पर चस्‍पा करने वालों की जानकारी की तो पता लगा कि इसके पीछे पार्टी के ही लोग हैं, न कि कोई विपक्षी दल।
चौधरी तेजवीर सिंह से इस बैनर की असलियत पूछने पर उन्‍होंने कहा कि उम्‍मीदवार की घोषणा हो जाने से पहले मैं किसी विवाद का हिस्‍सा नहीं बनना चाहता इसलिए बैनर में लगाये गये आरोपों का जवाब नहीं दे रहा। समय आने पर सभी आरोपों का जवाब दूंगा।
उन्‍होंने कहा कि आपने पूछा है इसलिए आपको बता देता हूं कि बैनर के माध्‍यम से लगाये गये आरोपों में कोई सच्‍चाई नहीं है और लगभग सभी आरोप बेबुनियाद हैं। मेरी संपत्‍ति के बावत भी जो जानकारी दी गई है, वह झूठ का पुलिंदा है।
पूर्व सांसद तेजवीर सिंह से जब यह पूछा गया कि पार्टी में स्‍थानीय स्‍तर पर व्‍याप्‍त अंतर्कलह व गुटबाजी के चलते हाईकमान द्वारा किसी बाहरी प्रत्‍याशी को मथुरा से खड़ा करना आपको स्‍वीकार होगा, तो उनका जवाब था कि बेहतर होगा पार्टी किसी स्‍थानीय कार्यकर्ता को उम्‍मीदवार बनाए।
बाहरी व्‍यक्‍ति की उम्‍मीदवारी पर उनका कहना था कि मुझे आजतक जो कुछ प्राप्‍त है, वह पार्टी का ही दिया हुआ है इसलिए पार्टी का हर निर्णय मान्‍य है। मैं पार्टी का अनुशासित सिपाही हूं और जीवनभर पार्टी के प्रति समर्पित रहूंगा।
उल्‍लेखनीय है कि तेजवीर सिंह सहित मथुरा की उम्‍मीदवारी के लिए जिन नामों की चर्चा होती रही है उनमें स्‍थानीय स्‍तर से राजेश चौधरी, चौधरी प्रणतपाल, रविकांत गर्ग व एस. के. शर्मा आदि हैं जबकि बाहरी नेताओं में भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राजनाथ सिंह के साढू भाई और पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट अरुण सिंह, प्रख्‍यात सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी तथा अभिनेता सनी देओल का नाम प्रमुख हैं। हेमा मालिनी तो कह भी चुकी हैं कि यदि पार्टी मुझे यहां से चुनाव लड़ने का मौका देती है तो मैं यह मौका गंवाउंगी नहीं।
बहरहाल, बात चाहे किसी स्‍थानीय व्‍यक्‍ति को उतारने की हो या बाहरी को लेकिन मथुरा के लिए उम्‍मीदवार का चयन करना आसान नहीं है। स्‍थानीय के चयन में अंतर्कलह व गुटबाजी बड़ा कारण है तो बाहरी के चयन में पार्टी के आम कार्यकर्ता सहित जनभावना आड़े आती है। बाहरी नेताओं को लेकर मथुरा की जनता का अनुभव बहुत कसैला रहा है। बात चाहे कभी हरियाणा से यहां आकर चुनाव जीतने वाले मनीराम बागड़ी की हो या फिर भगवा वस्‍त्रधारी महामंडलेश्‍वर सच्‍चिदानंद हरिसाक्षी की। रही सही कसर पूरी कर दी वर्तमान सांसद और रालोद के युवराज जयंत चौधरी ने। आमजन पूरे पांच साल अपने इस प्रतिनिधि की शक्‍ल देखने तक को तरसता रहा, समस्‍याओं के समाधान की बात तो करे कौन।
ब्रजवासियों के लिए मां समान पूज्‍यनीय जिस यमुना को प्रदूषण मुक्‍त कराने का वायदा करके जयंत चौधरी ने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की, उस यमुना की दुर्दशा को लेकर वह कभी मुखर नहीं हुए।
भाजपा के लिए उनकी यह निष्‍क्रियता भी परेशानी का कारण होगी क्‍योंकि पिछले चुनाव में जयंत को भाजपा का ही समर्थन प्राप्‍त था।
कुल मिलाकर निष्‍कर्ष यही निकलता है कि मथुरा में मोदी फैक्‍टर से कहीं अधिक उम्‍मीदवारी का चयन भाजपा को पुनर्जीवत करने या ना कर पाने में बड़ी भूमिका निभायेगा।
देखना यह है कि भाजपा इस इधर कुंआ और उधर खाई वाली स्‍थिति से कैसे उबरती है और कौन सा ऐसा चेहरा सामने लाती है जो मोदी के लिए दिल्‍ली की दूरी कम करने में सहायक हो सके।

शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2014

चंद रोज़ और मेरी जान फ़क़त चंद ही रोज़....

(लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष)
चंद रोज़ और मेरी जान फ़क़त चंद ही रोज़। जुल्‍म की छांव में दम लेने पर मजबूर हैं हम।।
और कुछ देर सितम सह लें, तड़प लें, रो लें। अपने अजदाद की मीरास है माज़ूर हैं हम ।।
जिस्‍म पर कैद है जज्‍ब़ात पे ज़ंजीरें हैं। फ़िक्र महबूस है गुफ़तार पे ताज़ीरें हैं।।
लेकिन अब ज़ुल्‍म की मियाद के दिन थोड़े हैं। इक ज़रा सब्र कि फ़रियाद के दिन थोड़े हैं।।

प्रसिद्ध पाकिस्‍तानी शायर फ़ैज अहमद फ़ैज ने सन् 1951 के दौरान ये लाइनें तब लिखीं थीं जब उन्‍हें लियाकत अली खां की सरकार का तख्‍ता पलट करने की साजिश के जुर्म में  गिरफ्तार कर लिया गया था।
फ़ैज साहब की दर्द में डूबी पर उम्‍मीद से भरीं ये लाइनें आज इसलिए याद आ रही हैं क्‍योंकि भारत लोकतंत्र का एक और चुनावी उत्‍सव मनाने जा रहा है। चुनावों के मद्देनजर समूची राजनीतिक जमात यह साबित करने पर आमादा है कि देश तथा देशवासियों का भाग्‍य सिर्फ और सिर्फ उनके हाथों में सुरक्षित है।
एक हफ्ता भी नहीं बीता जब दिल्‍ली में अल्‍पसंख्‍यकों के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक मुस्‍लिम युवक को सुरक्षाकर्मी इसलिए मुंह बंद करके उठा ले गए क्‍योंकि  कुछ मुद्दों को लेकर वह सीधा प्रधानमंत्री से मुखातिब हुआ था।
इस कार्यक्रम में न सिर्फ प्रधानमंत्री, बल्‍कि सोनिया गांधी एवं फारुक अब्‍दुल्‍ला भी मंचासीन थे।
एक हफ्ता भी नहीं बीता जब राहुल गांधी ने एक टीवी चैनल को दिए अपने पहले इंटरव्‍यू में सिख दंगों पर माफी मांगने से इसलिए इंकार कर दिया क्‍योंकि वह उस समय बहुत छोटे थे। वह भूल गए कि अघोषित ही सही, पर वह प्रधानमंत्री पद के लिए कांग्रेसी उम्‍मीदवार हैं। भूल गए कि वह उसी कांग्रेसी विरासत के फिलहाल एकमात्र वारिस हैं जिसके कुछ नेताओं की 84 के सिख नरसंहार में संलिप्‍तता को उन्‍होंने स्‍वीकार किया।
आश्‍चर्यनजक रूप से वह यह तक भूल गए कि यदि कांग्रेस की महान विरासत के वह वारिस हैं और मौके-बेमौके अपने परिवार के बलिदान को कैश करने में लगे रहते हैं तो फिर उनके पापों का बोझ ढोने से इंकार कैसे कर सकते हैं।
इधर चुनावी दौर में भाजपा भी यह साबित करने पर तुली है कि देश व देशवासियों के लिए एकमात्र विकल्‍प है। यह वही भाजपा है जिसने अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में खुद को कांग्रेसी संस्‍कृति का वाहक बनकर अपनी मौलिकता खो दी थी और उसी के परिणाम स्‍वरूप दोबारा सत्‍ता का शिखर छूने को तरस गई।
शायद यही कारण है कि आज 'मोदी ही भाजपा और भाजपा ही मोदी' का नारा फ़िज़ा में गूंज रहा है क्‍योंकि बाकी भाजपाइयों पर आसानी से भरोसा कर पाना मुश्‍किल है, यह बात भाजपा भली प्रकार जान व समझ रही है।
सवाल यह नहीं है कि सत्‍ता किसके हाथों में जाए और कौन उसके सोपान पर प्रतिष्‍ठापित हो, सवाल यह है कि क्‍या इसी व्‍यवस्‍था का नाम लोकतंत्र है और क्‍या सामंतवाद की परिभाषा इससे इतर है?
जहां अपने ही देश के किसी नेता से कोई इसलिए सवाल नहीं पूछ सकता क्‍योंकि वह प्रधानमंत्री के पद पर काबिज है और इसलिए उसे मुंह बंद करके बाहर ले जाया जाता है कि वह 'सो कॉल्‍ड' 'प्रोटोकॉल' को फॉलो नहीं कर रहा?
कल ही की बात है जब सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से पूछा है कि आखिर यह विशिष्‍टजन शब्‍द आया कहां से, किसने इसे ईजाद किया। संविधान तो ऐसे किसी शब्‍द का इस्‍तेमाल करने की इजाजत नहीं देता।
सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से दो हफ्तों में इस वीवीआईपी कल्‍चर पर जवाब मांगा है लेकिन क्‍या सरकार इसका जवाब देगी?
जिस प्रश्‍न का जवाब सन् 1947 के बाद से लगातार देश की जनता मांग रही है और किसी सरकार ने जवाब नहीं दिया तो दिन गिन रही वर्तमान सरकार से ऐसी उम्‍मीद करना बेमानी है।
बहरहाल, देश की जनता पर चुनावी खुमार चढ़ने लगा है और राजनीतिक दल उसके रंग में पूरी तरह रंग चुके हैं।
62 साल पहले फ़ैज साहब जेल की सलाखों के पीछे से कहते हैं-
अर्सा-ए-दहर की झुलसी हुई वीरानी में। हमको रहना है पर यूँ ही तो नहीं रहना है।।
अजनबी हाथों के बेनाम गराँबार सितम। आज सहना है हमेशा तो नहीं सहना है।।
दिल की बेसूद तड़प जिस्म की मायूस पुकार। चंद रोज़ और मेरी जान फ़क़त चंद ही रोज़।।
बेशक, उनके अपने मुल्‍क पाकिस्‍तान पर फ़ैज साहब की उम्‍मीद खरी नहीं उतरती और पाकिस्‍तान की अवाम आज भी 1951 के हालातों में जीने पर मजबूर है लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि फ़ैज साहब की उम्‍मीद मर चुकी है।
फ़ैज साहब इस दुनिया से भले ही 29 साल पहले कूच कर गए लेकिन उनकी उम्‍मीदें पाकिस्‍तान की अवाम के दिलों में अब भी ज़िंदा हैं क्‍योंकि उम्‍मीदें मरा नहीं करतीं।
भारत के तथाकथित भाग्‍य विधाताओं को भी समझना होगा कि लोकतंत्र के छद्म स्‍वरूप और फिरंगियों की कार्बन कापियों से आमजन बुरी तरह उकता चुका है। वह समझ चुका है कि अब सत्‍ता बदलने से कुछ नहीं होने वाला। अब जरूरत है व्‍यवस्‍था बदलने की।
उस व्‍यवस्‍था को बदलने की जो स्‍वतंत्रता की आड़ में 'एज इट इज' एक्‍सेप्‍ट कर ली गई और जिसके कारण 'गुलामी' यथास्‍थिति को प्राप्‍त है। जिसके कारण कोई अपने ही चुने हुए नुमाइंदों से सवाल पूछने की हिमाकत नहीं कर सकता और जिसके कारण देश की सर्वोच्‍च अदालत को सरकार से यह पूछना पड़ता है कि आखिर यह वीवीआईपी कल्‍चर है क्‍या, कहां से आया है यह जबकि संविधान में तो इसका कहीं कोई उल्‍लेख नहीं है।
अपने मान-अपमान को प्रोटोकॉल के बहाने संसद से जोड़ने वाले और संसद के अंदर बैठकर हर रोज संसद की गरिमा को तार-तार करने वालों को अब यह समझना होगा कि  ''ज़िंदगी किसी मुफ़लिस की क़बा नहीं है जिसमें हर वक्‍त दर्द के पैबंद लगाकर धोखा दिया जाना संभव हो।
 चंद रोज़ और मेरी जान फ़क़त चंद ही रोज़......
चंद रोज बाद होने वाले चुनाव का नतीजा चाहे जो हो लेकिन यह तय है कि इस बार का चुनाव भविष्‍य को रेखांकित जरूर करेगा। केवल आमजन के भविष्‍य को नहीं, उन खास लोगों के भविष्‍य को भी जो सत्‍ता को अपनी बपौती मान बैठे हैं और जिनके लिए आमजन उनके इशारों पर नाचने वाली कठपुतलियों से अधिक कुछ नहीं रहा।
फ़ैज साहब के शब्‍द न तो सलाखों में कैद रहने को बाध्‍य हैं और ना सामंतवादी सोच के गुलाम बने रहने को अभिशप्‍त। वह सीमा के उस पार से भी बिना पासपोर्ट तथा वीजा के अपना सफर तय कर लेते हैं और सीमा के इस पार अपना वजूद कायम रखते हैं।
इसलिए इंतजार कीजिए, कहानी अभी खत्‍म नहीं हुई।

सोमवार, 27 जनवरी 2014

...तो भाई द्वारा बहन को दिया गया तोहफा है विवादित जमीन

नई दिल्‍ली। 
कांग्रेस उपाध्यक्ष और अगला पीएम बनने की रेस में शामिल राहुल गांधी ने हरियाणा में अपनी वह जमीन बहन प्रियंका गांधी को तोहफे में दे दी थी, जो उनके जीजा रॉबर्ट वॉड्रा के प्लॉट के ठीक बराबर में है। यह मामला करीब छह साल पुराना है। राहुल ने हरियाणा में पलवल जिले के हसनपुर गांव में 3 मार्च 2008 को छह एकड़ जमीन खरीदी थी, जिसके लिए 26.47 लाख रुपए अदा किए गए।
इसी दिन रॉबर्ट वॉड्रा ने हसनपुर में खेती की जमीन खरीदी थी। यह करीब नौ एकड़ थी और इसके लिए उन्होंने 36.90 लाख रुपए चुकाए। 2012 में राहुल ने यह प्रियंका को तोहफे में दे दी।
तोहफे की इस बात का खुलासा ऐसे वक्‍त हुआ है, जब इसी साल हरियाणा में खरीदी गई वॉड्रा की प्रॉपर्टी विवादों में घिर गई थी। यह विवाद रियल एस्टेट की दिग्गज कंपनी डीएलएफ के साथ एक डील को लेकर खड़ा हुआ था।
राहुल गांधी ने 26 जुलाई 2012 को यह जमीन अपनी बहन को तोहफे में दी थी और तीन महीने बाद अक्टूबर में हरियाणा के आईएएस अधिकारी अशोक खेमका ने वॉड्रा के कुछ अन्य प्लॉट का म्यूटेशन रद्द कर दिया।
हुड्डा की अगुवाई वाली हरियाणा की कांग्रेस सरकार ने वॉड्रा और डीएलएफ के बीच हुई डील को 'निजी ट्रांजेक्‍शन' करार दिया था।
यह दिलचस्प है कि हसनपुर की जमीन के लिए एक ही पावर ऑफ अटॉर्नी धारक महेश सिंह नागर के जरिए राहुल गांधी और रॉबर्ट वॉड्रा के लिए दो अलग-अलग सेल डीड तैयार की गई थीं।
12 अगस्‍त 2012 में लोकसभा सचिवालय को सौंपे एक दस्तावेज में राहुल गांधी ने कहा, "मैंने 51 कनाल की खेती की जमीन अपनी बहन ‌प्रियंका गांधी वॉड्रा को दी और इसके लिए पैसे का कोई लेन-देन नहीं हुआ।"
इसमें आगे लिखा है, "क्योंकि यह भाई की तरफ से एक बहन को दिया गया तोहफा है इसलिए कृषि जमीन के ट्रांसफर को लेकर किसी तरह की रकम पर कोई गौर नहीं किया गया।"
सचिवालय में 2013 में दिए गए एक और डिक्‍लेरेशन के मुताबिक राहुल ने गुड़गांव की सिग्नेचर टावर्स-2 में दो कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदीं। अक्टूबर 2010 में 1.44 करोड़ रुपए और 5.36 करोड़ रुपए में इनकी बुकिंग की गई थी।
उन्होंने कुल अब तक दो किस्त जमा कराई हैं। हालांकि, इसमें प्रॉपर्टी का साइज नहीं बताया है। राहुल ने गुड़गांव की प्रॉपर्टी खरीदने से पहले दिल्ली के साकेत स्थित मेट्रोपोलेटिन मॉल अपनी दो दुकान 5.28 करोड़ रुपए में बेच दी। उन्होंने 2006 में ये दुकान खरीदी थीं।
राहुल लोकसभा के उन 20 सांसदों में शामिल हैं, जिन्होंने 15वीं लोकसभा के दौरान इस तरह का हलफनामा देने के बाद अपनी संपत्ति और देनदारी को अपडेट किया। पहले शपथपत्र में उन्होंने हसनपुर की जमीन की जानकारी दी थी।
-एजेंसी

शिकागो की महर्षि यूनिवर्सिटी से 163 वैदिक पंडित लापता

शिकागो। 
उत्तर भारत के गांवों से वैदिक पंडित के रूप में प्रशिक्षित किए जाने के लिए लाए गए कम से कम 163 किशोर अमेरिका में पिछले एक वर्ष से लापता हैं। इन किशोरों को महर्षि महेश योगी द्वारा स्थापित दो संस्थानों द्वारा प्रशिक्षित किया जाना था। शिकागो से प्रकाशित होने वाली साप्ताहिक पत्रिका "हाइ इंडिया" के ताजा अंक में प्रकाशित एक रपट के मुताबिक, 1,050 भारतीय किशोरों को आयोवा के फायरफील्ड स्थित महर्षि वैदिक सिटी और महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट लाया गया था, जिनमें से करीब 163 का पिछले एक वर्ष से अता-पता नहीं है। लापता किशोरों में कुछ की उम्र मात्र 19 वर्ष है।
वैदिक सिटी और यूनिवर्सिटी, दोनों संस्थानों को महर्षि महेश योगी के परिवार के लोग चलाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन संस्थाओं का प्रबंधन करने वालों ने लापता लोगों की तलाश करने की भी जहमत नहीं उठाई है।
यहां तक कि भारतीय मूल के आध्यात्मिक गुरू द्वारा स्थापित अनगिनत शिक्षण केंद्रों में से एक ग्लोबल काउंट्री ऑफ वर्ल्‍ड पीस (जीसीडब्ल्यूपी) को भी "विश्व शांति पेशेवर" कहे जाने वाले इन वैदिक अध्येताओं की दुर्दशा या लापता होने के बारे में कुछ भी नहीं पता है। शिक्षण केंद्र के अधिकारियों ने बताया, ""या तो आव्रजन उद्देश्य के लिए या फिर अपने अमरीकी सपनों को पूरा करने के लिए वे यहां से निकल भागे।""
-एजेंसी
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...