शनिवार, 28 मार्च 2015

उत्‍तर प्रदेश विधान सभा: न पक्ष, न विपक्ष…सिर्फ एक पक्ष और समकक्ष

कल के किसी अखबार में पहले पन्‍ने पर दो कॉलम की एक खबर छपी थी। खबर का मजमून कुल जमा यह था कि उत्‍तर प्रदेश विधान सभा के बजट सत्र का आखिरी दिन ‘माननीयों के नाम रहा।
इस दिन विधान सभा व विधान परिषद् सदस्‍यों के वेतन-भत्‍ते व कूपन बढ़ाने का विधेयक पेश किया गया, जिस पर ‘आश्‍चर्यजनक किंतु सत्‍य’ की तरह समूची विधायिका ने गजब की एकजुटता दिखाते हुए अपनी सहमति प्रदान कर दी लिहाजा पलक झपकते यह विधेयक पास भी हो गया।
”माननीयों” के वेतन-भत्‍ते व कूपनों में हुई इस वृद्धि से सरकारी खजाने पर करीब-करीब 48 करोड़ रुपए का सालाना खर्च और बढ़ जायेगा।
वैसे यह कोई पहला अवसर नहीं है जब माननीयों ने सर्वसम्‍मति से इस तरह अपने वेतन-भत्‍ते बढ़ाये हों, पूर्व में भी हमेशा यही होता रहा है। अपवाद स्‍वरूप कभी किसी माननीय ने इस पर विरोध दर्ज कराया भी है तो उसकी आवाज नक्‍कार खाने में ‘तूती’ ही साबित हुई है।
यूं देखा जाए तो भारतीय राजनीति का यही कड़वा सच है किंतु जाति, धर्म, संप्रदाय का शिकार आमजन इसे स्‍वीकार करने को तैयार नहीं होता। वह दलगत राजनीति की दलदल में इतना नीचे तक धंस चुका है कि उसे सच्‍चाई दिखाई नहीं देती। उसके लिए अपने मां-बाप से अधिक अपनी पार्टी के नेता की अहमियत है। जिन्‍हें अपने परिजनों की जन्‍म व पुण्‍य तिथियां याद नहीं रहतीं, वह अपनी पार्टी के नेता की इन तिथियों पर आयोजन करना कभी नहीं भूलते।
इसे आमजन का दुर्भाग्‍य कहें या राजनेताओं का सौभाग्‍य कि जिस देश में विभिन्‍न कारणों से लगभग हर दिन किसान आत्‍महत्‍या कर रहा है, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, युवक बेरोजगार हैं, अपराधियों का बोलबाला है, कानून का राज केवल किताबों तक सीमित है, उस देश के सबसे बड़े प्रदेश में माननीयों के वेतन-भत्‍ते बढ़ाने का विधेयक तो बिना किसी विरोध के एक दिन के अंदर पास हो जाता है और जनहित से जुड़े विधेयक दलगत राजनीति की भेंट चढ़ जाते हैं।
उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के युवराज पर भरोसा करके जनता ने उन्‍हें उसी तरह भारी समर्थन देकर सत्‍तारुढ़ कराया था, जिस तरह 2014 के लोकसभा चुनावों में मोदी पर भरोसा करके भाजपा को कराया। अखिलेश सरकार ने अपने तीन साल पूरे कर लिये। अभी दो साल बाकी हैं।
आत्‍ममुग्‍धता की शिकार अखिलेश सरकार और सत्‍ता के नशे में चूर समाजवादी कुनबा शायद यह समझ बैठा है कि यूपी की सत्‍ता पर उनका स्‍थाई कब्‍जा हो चुका है। तभी तो नेता सदन अहमद हसन ने पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश व ओलावृष्‍टि से बर्बाद फसल को देखकर किसानों की आत्‍महत्‍या पर कहा था कि प्रदेश में एक भी किसान ने आत्‍महत्‍या नहीं की, उनकी मौत तो प्राकृतिक आपदा के चलते हुई है।
कुछ ऐसा ही मुगालता संभवत: भाजपा, बसपा और दूसरे दलों को है कि समाजवादी पार्टी से ऊब चुकी जनता के पास 2017 के विधानसभा चुनावों में उनके अलावा कोई विकल्‍प नहीं है।
वर्तमान राजनीतिक परिस्‍थितियों पर दृष्‍टि डालें तो उनका मुगालता एक बार को सही प्रतीत होता है परंतु हकीकत कुछ और भी है। अब जनता अपने शासकों के हर कर्म व कुकर्म पर पैनी नजर गढ़ाये रहती है और सही वक्‍त का इंतजार करती है। लोकसभा चुनावों से पहले उसने कांग्रेस के नेतृत्‍व वाली यूपीए सरकार को खूब सहा और दिल्‍ली में चुनावों से पूर्व भी उसने अपने भाव प्रकट नहीं होने दिये। अब बारी उत्‍तर प्रदेश की है। देश के एक ऐसे सूबे की जिसने अब तक सर्वाधिक प्रधानमंत्री दिये हैं। जिसने देश की राजनीति की दिशा व दशा दोनों को तय करने में हमेशा महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बजट सत्र के आखिरी दिन ‘माननीयों’ के वेतन-भत्‍ते बढ़ाने को जो विधायकी खेल खेला गया, उससे समाजवादी पार्टी को कोई नुकसान शायद ही पहुंचे क्‍योंकि वह अपना जितना तथा जो कुछ नुकसान अपने ही हाथों कर सकती थी वह कर चुकी है और उसकी भरपाई करने का वक्‍त भी निकल चुका है लेकिन 2017 में सत्‍तारूढ़ होने का ख्‍वाब देख रहीं भाजपा एवं बसपा जैसी पार्टियों के लिए यह खेल भारी पड़ सकता है।
सामान्‍य तौर पर सांप और नेवले की भांति हर वक्‍त एक दूसरे को पटखनी देने की जुगत में लगे दिखाई देने वाले और सदन के अंदर सारी मान-मर्यादाओं को ताक पर रखकर लड़ने-झगड़ने वाले, बात-बात पर सदन को बाधित करने तथा उसके लिए नियम-कानूनों की धज्‍जियां उड़ाने वाले माननीय जब अपने वेतन-भत्‍तों पर चोर-चोर मौसेरे भाई की कहावत को चरितार्थ करते दिखाई देते हों तो जनता का सोचने पर मजबूर होना स्‍वाभाविक है।
इस सबके बीच इस सारे घटनाक्रम पर सिर्फ राज्‍यपाल रामनाइक का आपत्‍ति दर्ज कराना गौरतलब है। माना कि वह भारतीय जनता पार्टी से ही ताल्‍लुक रखते हैं किंतु उनकी आपत्‍ति पद की गरिमा के अनुकूल तथा भाजपा के प्रतिकूल कही जा सकती है। भाजपा के प्रतिकूल इसलिए क्‍योंकि भाजपा के माननीय भी विधेयक पास कराने वालों में शामिल थे।
हो सकता है कि रामनाइक को व्‍यक्‍तिगत स्‍तर पर माननीयों की यह करतूत नागवार गुजरी हो परंतु राज्‍यपाल जिस तरह अब इस देश में मात्र एक पद नाम रह गया है, उससे ऐसा लगता है कि इससे अधिक महामहिम राज्‍यपाल और कुछ कर भी नहीं सकते थे।
जनहित में कोई क्रांतिकारी कदम उठाने की अपेक्षा तो अब किसी से भी करना, अपनी अक्‍ल पर प्रश्‍नचिन्‍ह लगवाने के समान है। फिर रामनाइक ऐसा कोई कदम कैसे उठा सकते हैं, आखिर अंग्रेजों से विरासत में मिली व्‍यवस्‍था का सुख उम्र के इस पड़ाव पर मिलना कुछ तो अहमियत रखता ही है। ताजिंदगी न सही, जब तक मोदी सरकार है तब तक ही सही। सूबे के महामहिम का तमगा यूं ही नहीं छोड़ा जाता।
-सुरेन्‍द्र चतुर्वेदी

शुक्रवार, 13 मार्च 2015

न्‍यूज़ चैनल्‍स का ‘पैनल′ पॉल्‍यूशन’

”न भूतो, न भविष्‍यति” (जो न पहले कभी हुआ, न आगे कभी होगा) की तर्ज पर मीडिया (विशेष रूप से इलैक्‍ट्रॉनिक मीडिया) ”आम आदमी पार्टी” (आप) को लेकर समाचारों तथा पैनल डिस्‍कशन का प्रसारण कर रहा है, उसे देख और सुनकर ऐसा लगता है जैसे देश की सारी समस्‍याएं सिमटकर ”आप” तक सीमित रह गई हों।
विभिन्‍न समाचार चैनल्‍स ”आप” के अंदर उपजी फूट पर न केवल खुद अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं बल्‍कि ऐसे-ऐसे तत्‍वों को भी अनर्गल प्रलाप करने का अवसर दे रहे हैं जिनका स्‍तर किसी गली-मोहल्‍ले की समस्‍या सुलझाने में सहायक नहीं हो सकता। यह भी कह सकते हैं कि उनका किसी समस्‍या के समाधान से दूर-दूर तक कोई वास्‍ता ही नहीं होता, अलबत्‍ता वह स्‍वयं में समस्‍या जरूर होते हैं।
कुछ समाचार चैनल्‍स ने तो इसके लिए अपने मेहमान बाकायदा मुकर्रर किये हुए हैं। इन चैनल्‍स ने हर समस्‍या पर बोलने का इन्‍हें जैसे कॉपी राइट दे रखा हो अथवा उनके लिए पेटेंट हासिल कर लिया हो। बिना यह सोचे-समझे कि उनके इस तथाकथित डिस्‍कशन से उनके दर्शक किस कदर परेशान हैं। उन्‍हें समझ में नहीं आता कि बहस रूपी इस मानसिक प्रदूषण से छुटकारा पाया जाए तो कैसे?
हद तो तब हो जाती है जब टीवी का एंकर किसी कथित बुद्धिजीवी से पूछता कुछ है लेकिन वह जवाब वही देता है, जो देना चाहता है। जिसे वह रट कर आया है अथवा शब्‍दों के दोहराव के कारण उसे रट गया है।
चूंकि इस तथाकथित डिस्‍कशन में विरोधी पार्टियों सहित संबंधित पार्टी का भी कोई न कोई नुमाइंदा जरूर शामिल किया जाता है इसलिए बहस को सास-बहू की तू-तू मैं-मैं बनते देर नहीं लगती।
कल तक जो आम आदमी पार्टी खुद को खास बताते नहीं थकती थी और उसके पदाधिकारी कांग्रेस, भाजपा, सपा, बसपा या देश की तमाम दूसरी पार्टियों से खुद की तुलना तक करना गवारा नहीं करते थे, आज वही अपने अंदर से उठ रही सड़ांध को ढकने का प्रयास उन्‍हीं पार्टियों से तुलना करके दे रहे हैं।
आश्‍चर्य की बात यह है कि कोई टीवी प्रस्‍तोता इनसे यह नहीं पूछता, कि अरे भाई…उनके कर्मों का लेखा-जोखा गिनाने से आप दूध के धुले किस तरह साबित हो सकते हैं?
भाजपा ने अपराधियों को टिकट बांटे, कांग्रेस ने गुण्‍डे मवालियों को नेता बना दिया, सपा और बसपा में अपराधियों का बोलबाला है…अगर यह बातें मान भी ली जाएं तो इससे आपको वैसे ही (कु) कर्म करने का अधिकार प्राप्‍त हो जाता है क्‍या?
आप अपने नेताओं प्रशांत भूषण, योगेन्‍द्र यादव, अंजलि दमानिया, राजेश गर्ग, इरफान उल्‍ला खान सहित पार्टी के संरक्षक शांति भूषण द्वारा लगाये गये आरोपों का जवाब देने की बजाय हर बहस को दूसरी ओर क्‍यों मोड़ ले जाते हो?
क्‍या कोई आरोपी यह दलील देकर खुद को आरोपमुक्‍त करा सकता है कि आरोप लगाने वाले पर इसी तरह के कई आरोप पहले से चस्‍पा हैं…अथवा जिस तरह के आरोप हम पर लगाये जा रहे हैं, वैसे आरोप तो लाखों-करोड़ों लोगों पर हर दिन लगते हैं लिहाजा पहले उनसे सफाई मांगी जाए, उसके बाद हम अपनी सफाई देंगे।
बुद्धि का दिवाला निकाल कर बैठने वालों और उन्‍हें उसका खुलेआम अवसर देने वालों से मैं यह पूछना चाहता हूं कि आपको देशभर में यह डिस्‍कशन प्रदूषण फैलाने का अधिकार किसने दे दिया?
जिन दर्शकों के दम पर टीआरपी का खेल खेलकर सारे चैनल्‍स खुद को सर्वोपरि साबित करते रहते हैं, क्‍या उनसे कभी किसी चैनल ने यह जानने की कोशिश की कि आखिर वह क्‍या देखना चाहता है और क्‍या सुनना उसे पसंद है।
चैनल्‍स के लिए क्‍या दिल्‍ली के अंदर पापी पेट की खातिर बंदरिया का नाच दिखाने वाला ही सब-कुछ होता है, दिल्‍ली के बाहर की दुनिया हिंदुस्‍तान का हिस्‍सा नहीं है।
टीआरपी की दौड़ और उसके लिए किये जाने वाले खेल की खातिर दिल्‍ली तक सिमट कर बैठे इलैक्‍ट्रॉनिक चैनल्‍स में से कोई बतायेगा कि दिल्‍ली के बाहर जिस पार्टी को हाल के लोकसभा चुनावों में कोई पूछने वाला तक पैदा नहीं हुआ, उसे लेकर वह हर रोज ”स्‍यापा” आयोजित किसलिए करते हैं?
राजस्‍थान की रुदालियों की तरह क्‍यों लगभग सभी चैनल्‍स ने अपने-अपने लिए किराये के कथित बुद्धिजीवी एकत्र कर रखे हैं?
क्‍यों कभी इस बहस में किन्‍हीं ऐसे लोगों को शामिल नहीं करते जिनका संबंध आम जनमानस से हो, जो बता सकें कि सत्‍ता के भूखे इन भेड़ियों से इतर भी एक दुनिया है और उस दुनिया के लोग उनके बारे में क्‍या सोचते हैं।
जनता के साथ यह कैसा मजाक है कि उसे किस्‍म-किस्‍म के बहुरूपियों को हर रोज केवल इसलिए झेलना पड़ता है क्‍योंकि वह टीवी चैनल्‍स के ”खास मेहमान” होते हैं।
आम आदमियों से भरे इस देश में ‘खास मेहमानों’ के बिना क्‍या टीवी चैनल्‍स की दुकान भी नहीं चल सकती जबकि समाचार जगत तो हमेशा से आम आदमी की दुनिया से सरोकार रखने का दावा करता रहा है।
यदि यही हाल रहा तो वह दिन दूर नहीं जब समाचारों के प्रसारण का यह माध्‍यम पूरी तरह महत्‍वहीन होकर रह जायेगा और इसकी भी कुगति वैसी ही होगी जैसी आज किसी भी राजनीतिक दल की है। बेशक लोग मजबूरी में उसे ढोते जरूर हैं किंतु सम्‍मान कोई नहीं करता। आम आदमी पार्टी के खास चेहरे चाहे कहें कुछ भी, किंतु चेहरे का नकाब उतर चुका है। उन्‍होंने भी सत्‍ता धोखे से ही हथियाई है, इसका खुलासा हो गया है।
यकीन न हो तो एक जेनुइन सर्वे उस दिल्‍ली की जनता के बीच जाकर करवा लीजिए जिसने चंद रोज पहले 70 में से 67 सीटों पर जीत दिलवाकर अरविंद केजरीवाल को मुख्‍यमंत्री का ताज सौंपा था।
तय मानिये कि दिल्‍ली की जनता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही होगी…और कोस रही होगी उस दिन को जिसे उसने अपने लिए परिवर्तन का अवसर मानकर आप जैसी फूहड़ पार्टी के पक्ष में भारी मतदान किया।
उसे अफसोस होगा कि उन्‍होंने क्‍यों अरविंद केजरीवाल पर भरोसा कर लिया। जो शख्‍स अपने साथियों तक का भरोसा बनाये रखने में सफल नहीं हो पाया, वह जनता के भरोसे पर क्‍या खरा साबित होगा।
-सुरेन्‍द्र चतुर्वेदी

गुरुवार, 19 फ़रवरी 2015

मैं... मेरा परिवार... और हमारी सबसे अच्‍छी सरकार

मुलायम सिंह, शिवपाल सिंह, रामगोपाल और आजम खान जैसी सपाई सूरमाओं से घिरे सूबे के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव अपने अधिकारियों के साथ क्रिकेट का मैच खेल रहे हैं जबकि कहीं जेल के अंदर गैंगवार हो रही है तो कहीं कोर्ट के अंदर।
मथुरा में जेल के अंदर हुई गैंगवार का नतीजा जब गैंगेस्‍टर के अनुकूल नहीं निकलता तो वह पुलिस अभिरक्षा में अपने घायल प्रतिद्वंदी को तब सरेराह मौत के घाट उतार देते हैं जब उसे इलाज के लिए आगरा ले जाया जा रहा था।
मुजफ्फरनगर में अदालत के अंदर नाबालिग लड़का वकील का चोला पहनकर कुख्‍यात अपराधी को 'माननीय' की आंखों के सामने गोलियां बरसाकर भून देता है।
सहारनपुर में तनिष्‍क के शोरूम पर डाका पड़ता है और बदमाश करीब दस करोड़ रुपए के गहने ले जाते हैं।
यह आपराधिक वारदातें तो चंद उदाहरण भर हैं, अन्‍यथा प्रदेश का शायद ही कोई जिला ऐसा हो जहां अपराधी बेखौफ होकर अपने मकसद को अंजाम न दे रहे हों। ऐसा लगता है जैसे प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज है भी नहीं। सरकार के नाम पर जो कुछ व जितना कुछ नजर आ रहा है, वह सिर्फ एक परिवार का आधिपत्‍य है।
अधिकारी भी रोज-रोज होने वाली अपनी ट्रांसफर-पोस्‍टिंग्‍स से परेशान हैं किंतु समाजवादी कुनबे के लिए यह सब एक ऐसा धंधा है जिसमें बिना कुछ लगाये करोड़ों की कमाई हो रही है। प्रदेश में शायद ही कोई ऐसा पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारी होगा, जिसे कहीं टिकने दिया गया हो।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अब दबी जुबान से यह कहने भी लगे हैं कि निर्धारित समय के अंदर जिसने अपनी पोस्‍टिंग का रिन्‍यूअल नहीं कराया तो समझो अगली लिस्‍ट में उसका नप जाना तय है। 
घोर आश्‍चर्य की बात यह है कि इतना सब-कुछ होने के बाद भी मुख्‍यमंत्री से लेकर सुपर मुख्‍यमंत्रियों तक की फौज कहती है कि उत्‍तर प्रदेश की कानून-व्‍यवस्‍था दूसरे सभी राज्‍यों से बेहतर है।
यह स्‍थिति करीब-करीब वैसी ही है जैसी 2012 से मनमोहन सिंह के नेतृत्‍व वाली यूपीए
सरकार की हो गई थी। लोकसभा के चुनाव बेशक 2014 में होने थे किंतु सरकार 2012 से ही अपंगता का शिकार बन चुकी थी।
सपा और यूपीए सरकार के बीच एक अन्‍य समानता भी देखी जा रही है। और यह समानता है आत्‍मप्रशंसा करने के मामले में। कांग्रेस की दुर्गति पूरे देश को साफ-साफ दिखाई दे रही थी लेकिन कांग्रेसी कहते थे कि उनसे अच्‍छी सरकार चलाना कोई जानता ही नहीं। आज यही काम अखिलेश के नेतृत्‍व वाली सरकार कर रही है।
सच तो यह है कि पूरा समाजवादी कुनबा प्रदेश को कुछ इस तरह चला रहा है जैसे कोई अपनी प्राइवेट कंपनी को चलाता है। समाजवादी कुनबा संभवत: इस मुगालते में है कि 2017 के चुनावों का नतीजा उनके अनुकूल रहेगा क्‍योंकि उनसे अच्‍छा शासक कोई है नहीं। बेहतर ही रहेगा यदि वह और कुछ समय तक इस मुगालते को पाले रहें क्‍योंकि उनके ऐसे मुगालते में ही जनता की भलाई छिपी है। जनता को इनके शासन से छुटकारा इनके ऐसे मुगालते से ही मिल सकता है।
इसमें कोई दो राय नहीं कि 2017 के चुनावों तक उत्‍तर प्रदेश को यह लोग लालू के कार्यकाल का बिहार बना कर रख देंगे लेकिन उत्‍तर प्रदेश के उत्‍तम प्रदेश बनने का मार्ग भी तभी प्रशस्‍त होगा।
आज हालांकि आशा की कोई किरण स्‍पष्‍ट नहीं है परंतु 2017 के चुनावों तक जरूर हो जायेगी। यूं भी जनता अब काफी समझदार हो चुकी है। वह राजनेताओं की मनमानी का जवाब देने के लिए अपने समय का इंतजार करती है और मौका मिलते ही वही हाल बना देती है जैसे लोकसभा चुनावों के दौरान यूपी के अंदर कांग्रेस, सपा, बसपा तथा रालोद का किया था, या फिर हाल ही में दिल्‍ली के अंदर कांग्रेस व भाजपा का किया।
इसलिए और कुछ समय इंतजार कीजिए, फिर जनता बता देगी कि अखिलेश सरकार कितनी काबिल रही तथा समाजवादी कुनबे की मनमानी का नतीजा क्‍या रहा।
-लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष

गुरुवार, 12 फ़रवरी 2015

कमलकांत उपमन्‍यु को हाईकोर्ट से तगड़ा झटका



मथुरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह तोमर की जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान मुख्‍य न्‍यायाधीश डॉ. डी. वाई. चन्‍द्रचूढ़ तथा जस्टिस सुनीत कुमार की खंडपीठ ने इस मामले में तीखी टिप्‍पणी करते हुए न केवल उत्‍तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक की कार्यप्रणाली पर गहरा सवालिया निशान लगाया है बल्‍कि प्रदेश सरकार से भी जवाब तलब किया है।
न्‍यायालय ने सरकार से पूछा है कि ऐसी कौन सी परिस्‍थितियां पैदा हो गईं कि आरोपी के भाई द्वारा दिये गये प्रार्थना पत्र को आधार बनाकर डीजीपी को विवेचना बदलने के लिए कहना पड़ा।
कोर्ट ने डीजीपी के उस पत्र का भी हवाला अपने आदेश में दिया है जिसके तहत साफ लिखा गया था कि ‘सरकार की मंशा है कि जांच स्थानांतरित की जाए’।
डीजीपी के पत्र से साफ है कि मुख्यमंत्री के ओएसडी (न्यायिक) द्वारा उनको लिखे पत्र के बाद विवेचना मथुरा से फिरोजाबाद स्थानांतरित की गई। इस तरह के आदेश का सीधा तात्‍पर्य है कि डीजीपी ने विवेक का प्रयोग न कर राजनीतिक दबाव में निर्णय लिया।
उच्‍च न्‍यायालय ने इन परिस्‍थितियों में विवेचना स्‍थानांतरित करने को अत्‍यंत गंभीरता से लेते हुए अपने आदेश के तहत लिखा है कि इस तरह तो आम जनता का भरोसा ही आपराधिक न्याय प्रणाली से उठ जाएगा क्‍योंकि आपराधिक मुकद्दमों की विवेचना के लिए निर्धारित गाइड लाइंस तक का सरकार पालन नहीं कर रही है।
सरकार अब इस मामले में पूरी तरह घिरती हुई दिखाई दे रही है। कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 19 फरवरी का दिन नियत किया है, साथ ही अपने इस आदेश की जानकारी पीड़िता और उसके परिवार को देने का जिम्‍मा चीफ जुडीशियल मजिस्‍ट्रेट (सीजेएम) मथुरा को सौंपा है।
उल्‍लेखनीय है कि एक एमबीए की छात्रा द्वारा लगाये गये बलात्‍कार व जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोपों की विवेचना कमलकांत उपमन्‍यु ने अपने राजनीतिक व प्रशासनिक प्रभाव से तब फिरोजाबाद स्‍थानांतरित करा ली थी जबकि पीड़िता का एक ओर जहां 161 के बयान दर्ज कराकर मैडीकल करवाया जा चुका था वहीं दूसरी ओर कोर्ट में 164 के कलमबद्ध बयान भी दर्ज हो चुके थे। पीड़िता ने 164 के अपने बयानों में इस बात का भी उल्‍लेख किया था कि आरोपी मेरे व मेरे परिवार पर समझौते के लिए लगातार दबाव बना रहा है और मेरे परिवारीजनों को धमिकयां दी जा रही हैं। यही नहीं, केस की गंभीरता के मद्देनजर न्‍यायालय से आरोपी कमलकांत उपमन्‍यु के गैर जमानती वारंट जारी हो गये और सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कार्यवाही भी कर दी गई थी। मथुरा पुलिस ने कमलकांत उपमन्‍यु के घर पर 82 का नोटिस तक चस्‍पा कर दिया था।
बताया जाता है कि फिरोजाबाद विवेचना स्‍थानांतरित कराने के बाद कमलकांत उपमन्‍यु ने इस मामले में आईओ से फाइनल रिपोर्ट लगवाने का पूरा इंतजाम कर लिया था। आईओ ने गत दिनों संबंधित न्‍यायालय में पीड़िता के 164 के तहत बयान फिर से कराने की इजाजत भी लेनी चाही थी लेकिन न्‍यायालय ने उसे इजाजत नहीं दी।
दरअसल कमलकांत उपमन्‍यु को इतना सब-कुछ करने व कराने का पूरा मौका एसएसपी मथुरा ने दिया। वह पहले तो पीड़िता की एफआईआर ही दर्ज करने के लिए तैयार नहीं थीं। पीड़िता की तहरीर पर तीन दिन बाद जांच के उपरांत जैसे-तैसे मुकद्दमा दर्ज कराया तो आरोपी की गिरफ्तारी का कोई गंभीर प्रयास नहीं किया।
कमलकांत उपमन्‍यु के दबाव में एसएसपी ने पीड़िता के पिता व भाई के खिलाफ ही फर्जी आपराधिक मामले दर्ज करा दिये ताकि वह किसी प्रकार कमलकांत उपमन्‍यु से समझौता कर ले।
विभिन्‍न टीवी चैनल्‍स को दिये अपने बयानों में भी एसएसपी मथुरा मंजिल सैनी, आरोपी पत्रकार का बचाव करती साफ नजर आईं। बलात्‍कार जैसे संगीन व घृणित आरोपों के बावजूद वह कैमरे के सामने कमलकांत उपमन्‍यु के लिए आदर सूचक शब्‍दों का प्रयोग करती देखी गईं।
यही कारण था कि आरोपी पत्रकार, पीड़िता व उसके परिवार पर लगातार दबाव बनाने में सफल रहा और साथ ही अपने बचाव के लिए शासन व प्रशासनिक स्‍तर पर भी सक्रिय रहा।
अब मुख्‍य न्‍यायधीश की अध्‍यक्षता वाली खण्‍डपीठ के इस निर्णय ने कमलकांत उपमन्‍यु के अरमानों पर तो पानी फेर ही दिया है, ऐसे तत्‍वों को सबक सिखाने का इंतजाम भी कर दिया है जो अपने राजनीतिक व प्रशासनिक रसूख के बल पर कानून का खुला मजाक उड़ाते हैं और संगीन आपराधिक वारदातें करके भी साफ बच निकलते हैं।
कोर्ट ने भी अपने इस आदेश के तहत यह जिक्र किया है कि शासन व पुलिस प्रशासन के स्‍तर पर मनमाने तरीके से विवेचना बदले जाने के कारण अपराधियों ने इसे अपने बचाव का कारगर हथियार बना लिया है और पीड़ितों की ओर से बड़ी संख्‍या में इनके खिलाफ याचिकाएं दाखिल हो रही हैं।
पीठ का कहना है कि इस प्रकार के मनमाने स्थानांतरण निश्चित रूप से बंद होने चाहिए।

शनिवार, 24 जनवरी 2015

'खेल' में भी चल रहा है एक बड़ा 'खेल'




ऑब्लाइज करने का मामला सूत्रों के मुताबिक, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। BAI के अधिकारी अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और करीबियों को 'घूमाने-फिराने' के लिए ऐसे टूर्नामेंट्स में एंट्री दिलाते रहते हैं। इस बात के प्रमाण तो नहीं कि इसके पीछे मकसद पैसा कमाने का है लेकिन मामला 'ऑब्लाइज' करने का जरूर है। सूत्र बताते हैं कि कई मौकों पर इस तरह से 'ऑब्लाइज' कर अपने काम निकाले जाते हैं या फिर पैसे बनाए जाते हैं।
किसको क्या फायदा? अगर कोई अपने पैसे से भी विदेश जाता है तो उसके लिए वीजा हासिल करना आसान नहीं होता। लेकिन, खेल के नाम पर दुनिया के किसी भी देश का वीजा आसानी से हासिल किया जा सकता है। यहां मामला शेनगेन वीजा का है। अगर कोई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी अपने पैसे से भी विदेश जाना चाहता है तो उसको कई लेवल पर इसके लिए अनुमति हासिल करनी पड़ती है, जबकि टूर्नामेंट के बहाने वीजा और अनुमति आसान हो जाती है।
एसोसिएशन का 'नो कॉमेंट' इस मामले में BAI के सचिव डॉक्टर विजय सिन्हा से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि वह सैयद मोदी टूर्नामेंट के आयोजन में व्यस्त हैं और इस मामले में कोई कॉमेंट नहीं करना चाहते। एसोसिएशन के वाइज प्रेजिडेंट (ऐडमिनिस्ट्रेशन) टीपीएस पुरी ने भी टालमटोल करते हुए कहा कि आप सचिव से बात करें, जबकि पुरी पर ही इस तरह के मामलों में अप्रूवल देने और एंट्री भेजने की जिम्मेदारी है। उधर, मनमोहन शर्मा के घर से उनके स्टाफ ने बताया कि साहब विदेश खेलने गए हैं और फिलहाल उनके घर से कोई बात नहीं कर सकता।
किसका नुकसान? BWF ने जिस तरह टूर्नामेंट्स का वर्गीकरण किया है, उसमें इंटरनेशनल सीरीज सातवें नंबर पर आती है। जाहिर है इसमें कोई बड़ा स्टार या सीनियर खिलाड़ी नहीं खेलना चाहेगा लेकिन उभरते जूनियर खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में जरूर हिस्सा लेना चाहेंगे क्योंकि विजेताओं को 2500 रैंकिंग पॉइंट मिलते हैं, जिससे भविष्य में उनकी इंटरनेशनल रैंकिंग सुधरने में मदद मिलती है। यहां सवाल है कि मनमोहन शर्मा और अपिंदर सभरवाल अपनी कौन सी रैंकिंग सुधारने वहां गए थे या भेजे गए थे? क्या इनकी जगह किसी उभरते खिलाड़ी को नहीं भेजा जा सकता था?
-एजेंसी
क्या आपको यकीन होगा कि रेकजाविक में चल रहे आइसलैंड इंटरनेशनल सीरीज बैडमिंटन में भारत का प्रतिनिधित्व 50 साल के एक रेफरी और 47 साल के एक सीनियर पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। आप मानें या ना मानें ये बिल्कुल सच है कि तरणतारण के एसएसपी मनोमहन कुमार शर्मा और दिल्ली निवासी बैडमिंटन रेफरी अपिंदर सभरवाल को बैडमिंटन असोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) के कर्ता-धर्ताओं ने बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) के एक मान्यता प्राप्त इंटरनैशनल सीरीज टूर्नामेंट में हिस्सा लेने भेजा है। इन दोनों 'खिलाड़ियों' ने वहां पहले दौर में ही वॉकओवर भी दे दिया है और यूरोपीय देश की यात्रा का लुत्फ उठा रहे हैं।

मंगलवार, 20 जनवरी 2015

टोंटा हत्‍याकांड: पुलिस द्वारा बताए गये ''मास्‍टर माइंड'' में तो पर्याप्‍त ''माइंड'' तक नहीं

मथुरा। मथुरा जिला कारागार में गोलियां चलने से एक की मौत तथा दो के घायल हो जाने और फिर एक घायल राजेश टोंटा को इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में आगरा ले जाते वक्‍त चंद घंटों बाद ही नेशनल हाईवे पर भून डालने जैसी संगीन वारदातों का महज दो दिन के अंदर खुलासा करके उत्‍तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सूबे में चाहे किसी की सत्‍ता हो, चाहे कितने ही निजाम बदल जाएं किंतु वह न कभी बदली है और न बदलेगी।
कानून का राज कायम करने की बात कहकर सत्‍ता में आई समाजवादी पार्टी बेशक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को ताश के पत्‍तों की तरह फेंटकर कानून-व्‍यवस्‍था दुरुस्‍त करने का भ्रम पाल लेती हो किंतु सच्‍चाई यह है कि इससे सिर्फ अधिकारियों की सूरतें ही बदलती हैं, सीरत न बदली है और न बदलने की कोई उम्‍मीद नजर आती है।
आईजी जोन आगरा सुनील गुप्‍ता की मौजूदगी में कल देर शाम मथुरा की एसएसपी मंजिल सैनी ने पूरे प्रदेश को हिला देने वाली इन वारदातों का खुलासा करके पुलिस को भले ही दबाव मुक्‍त कर लिया हो लेकिन गैंगवार की नई पटकथा लिखे जाने का रास्‍ता साफ कर दिया।
दरअसल, अपने ऊपर उठ रहे तमाम सवालों के जवाब देने और जेल के अंदर व बाहर एक ही दिन में हुईं इतनी बड़ी वारदातों का पूरी तरह खुलासा करने की बजाय पुलिस ने जिस ''सॉफ्ट टारगेट गोपाल यादव'' को ''मास्‍टर माइंड'' बताकर सारा मामला रफा-दफा करने की कोशिश की है, उसमें तो इतनी बड़ी प्‍लानिंग करने लायक ''माइंड'' ही नहीं है।
चूंकि गोपाल यादव हाथरस में राजेश टोंटा के घर पर की गई ब्रजेश मावी की हत्‍या का चश्‍मदीद है तथा ब्रजेश मावी का दोस्‍त रहा है और मावी का शव बरामद करने की कवायद में मथुरा पुलिस उसे महीनों अपने साथ लेकर घूमती रही है इसलिए वह पुलिस के लिए न केवल आसानी से उपलब्‍ध था बल्‍कि सॉफ्ट टारगेट भी था लिहाजा उसे मास्‍टर माइंड बनाकर पेश कर दिया गया जबकि राजेश टोंटा जैसे कुख्‍यात व शातिर अपराधी को इस तरह ठिकाने लगाने की प्‍लानिंग वाकई बहुत तेज दिमाग व दुस्‍साहसी अपराधी ही कर सकता है।
पुलिस की कहानी पर यदि कुछ देर के लिए भरोसा कर भी लिया जाए तो उसके अनुसार गोपाल यादव ने बंदी रक्षक कैलाश गुप्‍ता के हाथों दीपक वर्मा के पास जेल में एक असलहा तथा एक लाख दस हजार रुपए भिजवाये जिसमें से उसने अपने लिए तय 20 हजार रुपए काटकर 90 हजार रुपए व असलहा दीपक को दे दिए।
17 तारीख को दोपहर बाद जेल में चली गोलियों से एक पक्ष के राजेश टोंटा व उसका साथी राजकुमार शर्मा घायल हो गये और दूसरे पक्ष का अक्षय सोलंकी मारा गया।
यहां गौर करने वाली बात यह है कि यदि मास्‍टर माइंड गोपाल यादव ने बंदी रक्षक कैलाश गुप्‍ता के हाथों जेल में दीपक वर्मा के पास मात्र एक हथियार ही पहुंचाया था तो फिर क्‍या सारे बदमाश बारी-बारी से एक ही हथियार का इस्‍तेमाल करते रहे। वो भी तब जब कि दीपक वर्मा, दीपक राणा व अक्षय सोलंकी को ब्रजेश मावी पक्ष से बताया जा रहा है और राजेश टोंटा के साथ राजकुमार शर्मा आदि को बताया गया है।
पुलिस के अनुसार राजेश टोंटा ने ही अक्षय सोलंकी पर गोली चलाई थी, तो पुलिस ने अब तक यह क्‍यों नहीं बताया कि राजेश टोंटा के पास असलहा कहां से आया और उसके पास असलहा पहुंचाने वाले कौन लोग थे।
जेल के अंदर से भी जो जानकारी मिल रही है उसके अनुसार गोलियां चलाने में दोनों ओर से तीन असलाहों का इस्‍तेमाल हुआ लेकिन पुलिस ने दो असलहा ही बरामद दिखाये हैं।
पुलिस ने तो दो असलहा बरामद करने के बावजूद अपनी कहानी में यह बताया है कि दीपक वर्मा का असलहा गिर जाने के बाद टोंटा ने उसी असलहा से अक्षय को गोली मारी। पुलिस की इस कहानी पर भरोसा किया जाए तो टोंटा को क्‍लीनचिट मिल जाती है जबकि पूर्व में पुलिस ने कहा था कि टोंटा ने ही फायरिंग शुरू की थी और उसी ने अक्षय को मारकर खुद को घायल किया।
अब जेल से बाहर की पुलिसिया कहानी पर ध्‍यान दें तो उसके अनुसार जेल के अंदर हुई फायरिंग में टोंटा के बच निकलने की जानकारी होने के बाद गोपाल व अजय चौधरी ने मावी के वफादार साथियों को सूचित करके उसे फिर ठिकाने लगाने की तैयारी की और मौका मिलते ही नेशनल हाईवे पर रात करीब 11 बजे तब छलनी कर दिया जब उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए आगरा ले जाया जा रहा था। 
पुलिस ने मौके से देशी तमंचों के खोखे बरामद दिखाये हैं और मास्‍टर माइंड गोपाल के कब्‍जे से भी एक तमंचा बरामद किया है।
यहां पुलिस से कोई यह पूछने वाला नहीं है कि राजेश टोंटा को जेल के अंदर ठिकाने लगाने के लिए नाइन एमएम के प्रतिबंधित बोर वाला असलहा भेजने वाला गोपाल और उसके साथी नेशनल हाईवे पर उसे मारने के लिए क्‍या देशी तमंचों का इस्‍तेमाल करने की मूर्खता करेंगे?
गौरतलब है कि जेल के अंदर पुलिस ने जो दो असलहा बरामद किये हैं, वह दोनों नाइन एमएम के हैं।
मजे की बात यह भी है कि पुलिस ने वारदात का खुलासा तो कर दिया लेकिन अब तक इस बात का खुलासा नहीं कर पाई कि मौके पर मिला AK-47 का खोखा किसकी गोली का था। पहले पुलिस कह रही थी कि बदमाशों ने  AK-47 का भी इस्‍तेमाल किया लेकिन जब मास्‍टर माइंड गोपाल ने कहा कि उनमें से किसी के पास ऐसा कोई हथियार नहीं था तो पुलिस कहने लगी कि अभिरक्षा में चल रहे एसओ के हमराह पर AK-47 थी और उसी ने फायर किया था। इस बारे में गोपाल की मानें तो पुलिस की ओर से उनके ऊपर कोई गोली चलाई ही नहीं गई।
यहां नया सवाल एक और खड़ा हो जाता है कि क्‍या किसी एसओ का हमराह सिपाही AK-47 जैसा हथियार रखने के लिए अधिकृत होता है और क्‍या इस सिपाही को यह हथियार दिया गया था? 
सच तो यह है कि ब्रजेश मावी की राजेश टोंटा के हाथरस स्‍थित घर पर की गई हत्‍या के बाद उसका शव बरामद करने के लिए मथुरा पुलिस गोपाल को महीनों अपने साथ लेकर घूमती रही थी और इसलिए गोपाल यादव को पूरा पुलिस महकमा पहचानता था। वह ब्रजेश मावी का बचपन का दोस्‍त है, इस बात से भी पुलिस परिचित हो चुकी थी। पुलिस उसे कभी भी बुला लेती थी और फिर छोड़ भी देती थी इसलिए गोपाल यादव उसके लिए सहज उपलब्‍ध था। वह उसके लिए इस मामले में भी सॉफ्ट टारगेट साबित हो सकता है, यह समझते पुलिस को देर नहीं लगी। हालांकि उससे पहले पुलिस ने ब्रजेश मावी के अधिवक्‍ता रहे दो लोगों को कोतवाली बुलाकर कहानी का ताना बाना बुनने की कोशिश की किंतु उसमें बार एसोसिएशन मथुरा द्वारा हंगामा काटे जाने के बाद पुलिस को दोनों अधिवक्‍ता छोड़ने पड़े और उसके बाद पुलिस ने गोपाल यादव को लेकर काम करना शुरू कर दिया।
इसमें कोई दो राय नहीं कि इस तरह पुलिस ने फिलहाल अपने ऊपर पड़ रहे भारी दबाव से खुद को मुक्‍त कर राहत की सांस ली होगी लेकिन इससे उसने फिर किसी बड़ी वारदात का रास्‍ता भी साफ कर दिया क्‍योंकि इससे असली मास्‍टर माइंड को बिना किसी प्रयास के बड़ा मौका मिलना स्‍वाभाविक है।
ब्रजेश मावी के बाद राजेश टोंटा मारा गया, अक्षय सोलंकी भी काम आ गया परंतु अभी राजकुमार शर्मा, दीपक वर्मा, दीपक राणा तथा लारेंस जैसे दोनों पक्ष के तमाम कुख्‍यात अपराधी बाकी हैं और वह वर्चस्‍व की इस लड़ाई में अपनी-अपनी भूमिका साबित करने से पीछे नहीं हटने वाले।
तय है कि जिस गैंगवार का आगाज़ हाथरस में राजेश टोंटा के घर से शुरू होकर मथुरा जिला कारागार के अंदर और फिर नेशनल हाईवे पर राजेश टोंटा की हत्‍या से 17 जनवरी 2015 को हुआ है, उसका अंजाम शेष है। वह कब और किस रूप में सामने आयेगा, यह बताना चाहे मुश्‍किल हो पर इतना आसानी से कहा जा सकता है कि होगा बहुत खौफनाक। शायद 17 तारीख से भी अधिक खौफनाक।
तो इंतजार कीजिए तथा देखिए कि पुलिस और क्‍या-क्‍या गुल खिलाती है।
एक करोड़ की रकम लुटने पर दो लाख बरामद दिखाकर अपनी पीठ खुद थपथपा लेने तथा ईनाम इकराम भी हासिल कर लेने का उसका शगल कोई नया नहीं है और न नई है उसकी कांटे से कांटा निकालने की थ्‍योरी।
कानून-व्‍यवस्‍था जाए भाड़ में, वह अपना शगल इसी प्रकार पूरा करती रहेगी और इसी थ्‍योरी पर काम करके वाहवाही भी लूटेगी।
उसके लिए गोपाल यादव जैसे सॉफ्ट टारगेट्स की न कभी कहीं कोई कमी रही है और न रहेगी क्‍योंकि माइंडलेस को मास्‍टर माइंड साबित करना उसे बखूबी आता है।
-लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष             

रविवार, 18 जनवरी 2015

पुलिस ने ही तो ठिकाने नहीं लगा दिया टोंटा?





मथुरा।  कल दोपहर बाद मथुरा जिला कारागार में जिस अंदाज से गैंगवार का आगाज़ हुआ, उसका अंजाम तो लगभग वही होना था जो देर रात नेशनल हाईवे स्‍थित टोल प्‍लाजा पर कुख्‍यात अपराधी राजेश टोंटा की हत्‍या के साथ हुआ लेकिन किसी को यह अंदाज शायद ही रहा हो कि चंद घंटों के अंतराल में ही यह आगाज़ अपने अंजाम की पहली किश्‍त पूरी कर लेगा।
अभी इस गैंगवार की कितनी पटकथाएं शेष हैं और इसकी समाप्‍ति किस रूप में होगी, यह कहना तो बहुत मुश्‍किल है किंतु इतना अवश्‍य कहा जा सकता है कि न सिर्फ अखिलेश सरकार बल्‍कि उसकी समूची कानून-व्‍यवस्‍था पूरी तरह चरमरा चुकी है। फिर चाहे यूपी सरकार और उसका समाजवादी कुनबा अपना मन बहलाने को दावे-प्रतिदावे चाहे कितने ही क्‍यों न करता रहे।
जिला कारागार के अंदर गैंगवार ने कई सवाल एकसाथ खड़े कर दिये हैं। सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि आखिर जेल के अंदर इतनी बड़ी तादाद में असलहा पहुंचा कैसे?
बेशक इसका जवाब हर आम व खास आदमी जानता है किंतु वो व्‍यववस्‍था उसे कभी स्‍वीकार नहीं करती जिसके लिए यह सवाल है और जिससे माकूल जवाब की उम्‍मीद की जाती है।
कौन नहीं जानता कि जिन सरकारी इमारतों के अंदर भ्रष्‍टाचार जैसा शब्‍द बहुत बौना प्रतीत होता है, उनमें जेल की इमारतें प्रमुख हैं। जेल के अंदर एक ओर जहां सारे मानवाधिकार खूंटी पर टंगे मिलते हैं, वहीं दूसरी ओर कानून उसकी चौखट के अंदर पहुंचने के साथ दम तोड़ देता है।
यही कारण है कि जेल में वहां के अधिकारी एवं कर्मचारियों की अपनी समानांतर सत्‍ता कायम रहती है और कुख्‍यात अपराधी उस सत्‍ता के महत्‍वपूर्ण अंग होते हैं। इन्‍हें एक-दूसरे का पूरक भी कह सकते हैं।
इसी प्रकार जेल के बाहर पुलिस की अपनी सत्‍ता है। वह अपनी सत्‍ता में किसी का भी दखल एक लिमिट तक बर्दाश्‍त करती है और जहां लिमिट क्रॉस होती नजर आती है, वह अपनी लिमिट क्रॉस करने से नहीं चूकती।
हाथरस में पश्‍चिमी उत्‍तर प्रदेश के माफिया डॉन ब्रजेश मावी की राजेश टोंटा के घर पर हुई हत्‍या के बाद गैंगवार होने की आशंका सबको थी, बावजूद इसके सारा प्रशासनिक अमला जैसे इसका इंतजार कर रहा था और उन तत्‍वों को मौका दे रहा था जो इसका ताना-बाना बुन रहे थे।
कितने आश्‍चर्य की बात है कि गोली लगने से जख्‍मी राजेश टोंटा को मात्र सात घंटे बाद फिर तब निशाना बनाया जाता है जब उपचार के लिए पुलिस भारी-भरकम सुरक्षा में उसे आगरा ले जा रही थी। इस बार टोंटा बच नहीं पाता और मौके पर ही मारा जाता है जबकि उसके साथ गये अमले में से किसी को चोट नहीं आती।
जिला कारागार से लेकर देर रात टोल प्‍लाजा तक के बीच जो कुछ एवं जितना कुछ हुआ, उसमें न तो जेल प्रशासन की भूमिका पाक-साफ प्रतीत हो रही है और न जिला प्रशासन की। ऐसा ल्रगता है कि जैसे पूरे घटनाक्रम का सूत्रधार इन्‍हीं के इर्द-गिर्द बैठा हो।
दरअसल आमजन के जेहन में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई प्रश्‍न घूम रहे हैं। जैसे कि यदि राजेश टोंटा को गोली उसकी जांघ में लगी थी और वह खतरे से बाहर था तो फिर घने कोहरे के बावजूद उसे उपचार के नाम पर आगरा ले जाने की जरूरत क्‍या पड़ी?
पुलिस कह रही है कि ऐसा राजेश टोंटा के पिता की जिद पर किया गया।
अब यहां एक और सवाल यह पैदा हो जाता है कि एक कुख्‍यात अपराधी के पिता की जिद को पुलिस ने इतनी गंभीरता से क्‍यों ले लिया जबकि साफ जाहिर था कि उसके ऊपर मंडरा रहा खतरा टला नहीं है।
यूं भी पुलिस जब किसी का पोस्‍टमॉर्टम और यहां तक कि अंतिम संस्‍कार तक अपनी सुविधानुसार कराती है तो फिर टोंटा के मामले में ऐसा क्‍या हुआ कि खतरे के बाहर होने पर भी वह रात को 11 बजे उसे आगरा लेकर चल दी।
महुअन टोल प्‍लाजा पर बदमाशों ने खुद को टोंटा के परिजन बताते हुए एंबुलेंस के अंदर प्रवेश किया और उसे गोलियों से भून डाला।
यह वही पुलिस है जिसने जिला अस्‍पताल में टोंटा की पत्‍नी, पिता व भाई आदि को उससे मिलने तक नहीं दिया और उनसे तीखी झड़प के बाद उसकी पत्‍नी को बमुश्‍किल मिलने दिया गया।
बदमाश आये और टोंटा को इत्‍मीनान के साथ मौत की नींद सुला कर चले गये लेकिन उसके साथ का सुरक्षा अमला तमाशबीन बना रहा। एंबुलेंस में मौजूद अस्‍पताल कर्मी भी सुरक्षित रहे यानि किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
जिला जेल के अंदर दोपहर बाद हुई शुरूआत से लेकर हाईवे पर देर रात की वारदात तक का पूरा घटनाक्रम, जेल और जिला प्रशासन की भूमिका को केवल संदिग्‍ध ही साबित नहीं करता, उसकी संलिप्‍तता भी जाहिर कराता है।
संभवत: यही कारण है कि दबी जुबान से ही सही, पर ऐसा कहने वालों की कमी नहीं है कि गैंगवार के आगाज़ से लेकर, कल तक के अंजाम की पटकथा सरकारी नुमाइंदों ने ही लिखी है।
नि: संदेह इस गैंगवार का क्‍लाईमेक्‍स अभी बाकी है क्‍योंकि पर्दे के पीछे बैठे सूत्रधारों का न कभी कुछ बिगड़ा है और न अब बिगड़ेगा।
कुछ सरकारी नुमाइंदे निलंबित होंगे, कुछ का ट्रांसफर हो जायेगा, कुछ जांच की आंच से खुद को तपायेंगे और कुछ दूर बैठकर इस तपिश का आनंद लेंगे। मावी चला गया, अक्षय और टोंटा भी चले गये। राजकुमार शर्मा घायल है। लेकिन यह सब सरकारी मशीनरी के कलपुर्जों की तरह हैं। इन्‍हें कब, कहां और कैसे फिट करना है, किस तरह इनसे काम लेना है और कब इनका 'काम' कर देना है, इस खेल में जेल प्रशासन भी निपुण होता है और जिला प्रशासन भी।
होगा भी क्‍यों नहीं...मावी, टोंटा और अक्षय जैस अपराधी तो आते-जाते रहेंगे किंतु सरकारी वर्दी प्राप्‍त अपराधियों का अधिक से अधिक स्‍थानांतरण होगा। वह जहां जायेंगे, वहां एक नई कहानी का प्‍लॉट बना देंगे ताकि भ्रष्‍टाचार का सिलसिला अनवरत जारी रहे और जारी रहे इसी तरह उनकी अपराध व अपराधियों से दुरभि संधि का भी सिलसिला।
-लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष 
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...