बुधवार, 26 दिसंबर 2012

वाह समाजवाद: यूपी के 46 में से 36 मंत्री करोड़पति

यूपी में राम मनोहर लोहिया और जय प्रकाश नारायण की अनुयायी सपा की सरकार है। पर क्या आपको पता है कि समाजवाद और गरीबों के प्रति समर्पित इस सरकार में करोड़पति मंत्रियों की संख्‍या कितनी है।
आपको शायद यह जानकर झटका सा लगे कि यूपी की अखिलेश यादव सरकार में 78 फीसदी मंत्री करोड़पति हैं। इनमें खुद युवा सीएम अखिलेश भी शामिल हैं।
यूपी इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स द्वारा संकलित एक रिपोर्ट के अनुसार यूपी सरकार के 46 में 36 मंत्री करोड़पति हैं।
मंत्रियों द्वारा अपनी आय और संपत्ति सम्बन्धी दिये गये शपथ पत्रों के आधार पर ही यह रिपोर्ट तैयार की गई है।
36 करोड़पति मंत्रियों की लिस्ट में चार करोड़ से ज्यादा रुपयों की घोषित सम्पत्ति के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शामिल हैं। उनके शपथ पत्र के अनुसार उनकी संपत्ति 4.85 करोड़ से ज्यादा की है। वहीं 2004 के लोक सभा चुनाव के समय इनकी कुल संपत्ति 2.31 करोड़ रुपयों से ज्यादा थी यानि दो गुने से ज्यादा की उछाल। अन्य कद्दावर करोड़पति मंत्रियों में अम्बिका चौधरी (3.30 करोड़), मोहम्मद आज़म खान (1.94 करोड़), अभिषेक मिश्रा (1.31 करोड़) और ओमप्रकाश सिंह (1.27 करोड़) भी इस लिस्ट में हैं।
करोड़पति मंत्रियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर आते हैं परिवहन मंत्री और आगरा की बाह सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक राजा महेंद्र अरिदमन सिंह। इनके पास 14.79 करोड़ रुपयों से ज्यादा की घोषित संपत्ति है। इनकी संपत्ति जो 2007 के विधान सभा चुनाव के समय सिर्फ चार करोड़ रुपये से ज्यादा थी, में तीन गुने से भी ज्यादा वृद्धि हुई हैं।
प्रदेश के जेल मंत्री और प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैय्या' रईस मंत्रियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। राजा भैया जिनके खिलाफ आठ आपराधिक मुकद्दमे भी दर्ज हैं, खुद मालिक हैं 7.11 करोड़ रुपयों से अधिक की घोषित संपत्ति के। 2007 के विधान सभा चुनाव के समय इनकी कुल संपत्ति 2.73 करोड़ रुपयों से अधिक थी और अब यह लगभग तीने गुने से ज्यादा बढ़ गयी है।
चौथे पायदान पर प्रदेश के सबसे ताकतवर मंत्रियों में शुमार और मुख्यमंत्री के चाचा, लोक निर्माण विभाग मंत्री शिवपाल सिंह यादव हैं। इनके पास 6.03 करोड़ रुपयों से ज्यादा की घोषित संपत्ति है। 2007 के चुनाव के समय इनकी कुल संपत्ति 3.38 करोड़ रुपये की थी।
फर्रुखाबाद की अमृतपुर सीट से विधायक और प्रदेश के होम गार्ड एवं पीएसी मामलों के मंत्री नरेन्द्र सिंह यादव करोड़पति मंत्रियों की सूची में 4.72 करोड़ रुपयों से अधिक संपत्ति के साथ हैं पांचवें स्थान पर। 2007 के चुनाव के समय इनकी कुल संपत्ति मात्र 1.26 करोड़ रुपये थी जो 2012 के चुनाव में लगभग तीन गुना बढ़ गयी।
प्रदेश के वस्त्र एवं रेशम मंत्री महबूब अली जिनके खिलाफ सबसे ज्यादा 15 आपराधिक मुकद्दमे भी दर्ज हैं, इस सूची में छठवें पायदान पर हैं। ज्योतिबा फुले नगर जिले की अमरोहा सीट से विधायक महबूब अली के पास है 4.65 करोड़ रुपयों से ज्यादा की घोषित संपत्ति। 2007 के विधान सभा चुनावों के समय इनकी संपत्ति मात्र 31 लाख रुपये हुआ करती थी पर 2012 के चुनावों के समय तक वह करोड़पति बन चुके थे।
सहारनपुर की देवबंद सीट से सपा विधायक और ग्रामीण अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री राजेंद्र सिंह राणा जिनके खिलाफ तीन आपराधिक मुकद्दमे दर्ज हैं, इस लिस्ट के टॉप टेन मंत्रियों में शामिल हैं। 4.45 करोड़ रुपयों से भी ज्यादा की घोषित संपत्ति के साथ राणा इस लिस्ट में सातवें स्थान पर हैं। 2007 के चुनावों में इनकी कुल संपत्ति 1.92 करोड़ रुपयों की थी।
इस लिस्ट में आठवें स्थान पर हैं प्रदेश के खादी और ग्रामीण उद्योग मंत्री व प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज सीट से सपा विधायक राजा राम जिनके पास 4.18 करोड़ रुपयों से ज्यादा की घोषित सम्पत्ति है। 2007 के चुनावों के समय इनकी कुल संपत्ति 2.22 करोड़ रुपयों से ज्यादा की थी।
बाराबंकी की कुर्सी सीट से विधायक और प्रदेश सरकार में नियोजन मंत्री फरीद महफूज़ किदवई 3.52 करोड़ रुपयों की घोषित संपत्ति के साथ इस लिस्ट में हैं नौवें पायदान पर। 2007 के चुनावों के समय इनकी कुल संपत्ति मात्र 90.26 लाख की थी जो पांच साल बाद 2012 के चुनावों में तीन गुने से भी ज्यादा बढ़ गयी।
अम्बेडकर नगर जिले की कटेहरी सीट से विधायक और प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्य मंत्री शंखलाल मांझी भी 3.35 करोड़ रुपयों से ज्यादा की घोषित संपत्ति के साथ इस लिस्ट के टॉप टेन मंत्रियों में हैं अंतिम पायदान पर। 2009 में अम्बेडकर नगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले मांझी की उस समय कुल संपत्ति 2.31 करोड़ रुपये की थी।
प्रदेश के कृषि मंत्री और पूर्वांचल के गोंडा जिले की गौरा सीट से विधायक कुंवर आनंद सिंह 18.30 करोड़ रुपये से ज्यादा की घोषित संपत्ति के साथ यूपी के सबसे समृद्धशाली मंत्री हैं। -Agency 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कृपया बताते चलें कि ये पोस्‍ट कैसी लगी ?

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...