सोमवार, 20 मई 2013

मुझे सिब्बल एंड कंपनी पर दया आती है

अपने कार्यकाल के दौरान 2G और कोयला घोटालों का खुलासा कर यूपीए सरकार की नींव हिलाने वाले कंट्रोलर ऐंड ऑडिटर जनरल  (CAG) विनोद राय ने जाते-जाते भी सरकार के मंत्रियों पर ताना कसा है।
2जी घोटाले में कोई नुकसान न होने की सरकार की बात पर उन्होंने कहा कि उन्हें कपिल सिब्बल ऐंड कंपनी पर दया आती है। कैग के टीएन शेषन माने जाने वाले विनोद रॉय इस 22 मई को रिटायर हो रहे हैं।
विनोद राय ने एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में 2जी घोटाले पर कपिल सिब्बल की जीरो लॉस थिअरी पर पूछे गए सवाल पर कहा कि उन्हें उन पर 'दया' आती है। उन्होंने कहा, 'मैंने इससे पहले यह कभी नहीं कहा, लेकिन मुझे असल में उन पर तरस आता है। मैंने जेपीसी में कहा था कि इसमें भारी नुकसान हुआ है, जिससे इंकार नहीं किया जा सकता। नुकसान के आंकड़े पर बहस हो सकती है। मैंने कहा था कि आपकी अपनी एजेंसी सीबीआई ने भी कहा है कि इसमें 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सीबीआई ने अपनी एफआईआर में भी यह बात कही है। मैंने उनसे पूछा था कि क्या आप 30 हजार करोड़ रुपये की बात को वापस लेने जा रहे हैं?
अगर ऐसा है तो मैं भी 1,76, 000 करोड़ के आंकड़े को वापस लेने के लिए तैयार हूं। यही वजह है कि मुझे उन पर अफसोस होता है।
क्या वाकई कोई यकीन करेगा कि कोई नुकसान नहीं हुआ है?'

रविवार, 19 मई 2013

अपनी जवान बेटियों को दिल्ली न भेजें

'अपनी जवान बेटियों को दिल्ली न भेजें, क्योंकि वहां मनमोहन सिंह बैठे हुए हैं।'
कांग्रेस के लोग बेशर्म हैं, जेल जा रहे हैं लेकिन सुधरने को तैयार नहीं हैं। वह दिन दूर नहीं, जब बैंकों में भी कोयला रखने के लिए लॉकर खोले जाएंगे।

केंद्र सरकार की खिंचाई करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में मंच से यह बात कही, तो न तो तालियां थीं और न ही हंसी का ठहाका।
छत्तीसगढ़ में रमन सिंह की विकास यात्रा के दूसरे चरण की समाप्ति पर मोदी ने मंच से दिग्विजय सिंह से लेकर राहुल गांधी तक की जमकर खिल्ली उड़ाई, लेकिन पहली बार बिना नाम लिए नीतीश कुमार को भी कठघरे में ला खड़ा किया।

प्लेयर्स को धमकाते थे दाऊद के गुर्गे!

नई दिल्ली। स्पॉट फिक्सिंग के मामले में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम के गुर्गे युवा खिलाडियों को फिक्सिंग के लिए धमाकाते थे।
एक समाचार पत्र के मुताबिक दाऊद की गैंग के लोग खिलाडियों को फिक्सिंग में शामिल होने के लिए मजबूर करते थे। अगर खिलाड़ी फिक्सिंग में शामिल होने से मना करते तो दाऊद के गुर्गे उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी देते थे। बुकीज और गैंगस्टर्स के बीच फोन पर हुई बातचीत से यह खुलासा हुआ है। पुलिस ने उन खिलाडियों के नाम नहीं बताए हैं, जिन्हें धमकाया जाता था।

शनिवार, 18 मई 2013

चुनाव भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा स्रोत: कुरैशी

पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एस. वाई. कुरैशी ने चुनाव सुधारों पर जोर देते हुए कहा है कि देश में चुनाव, भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा स्रोत बन चुका है।
कुरैशी ने ब्रिटिश काउंसिल में एक व्याख्यान देते हुए कहा, ‘‘चुनाव इस समय देश में भ्रष्टाचार के सबसे बड़े स्रोत बन चुके हैं।’’
कुरैशी ने कहा, ‘‘राजनीतिक सत्ता ताकतवर है और प्रतिस्पर्धा कड़वी है। चुनाव में अपराधियों का हस्तक्षेप और बूथ कैप्चरिंग सबसे बड़ी चुनौती है।’’
कुरैशी के अनुसार राजनीतिज्ञों और नौकरशाहों के बीच मिलीभगत तब शुरू होती है, जब कोई राजनीतिज्ञ मंत्री बन जाता है और चुनाव के दौरान खर्च रुपयों को हासिल करना शुरू करता है।
निर्वाचन आयोग के पूर्व प्रमुख कुरैशी ने बताया कि वर्तमान लोकसभा के 543 सदस्यों में से 162 सदस्यों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसमें पिछली लोकसभा की अपेक्षा वृद्धि ही हुई है, क्योंकि पूर्व की लोकसभा में 124 सदस्यों पर ही आपराधिक मामले दर्ज थे।

स्पॉट फिक्सिंग: बॉलीवुड सिलेब्रिटीज भी शामिल!

मुंबई । आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग विवाद से अब बॉलीवुड सिलेब्रिटीज के नाम भी जुड़ते जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक मुंबई पुलिस ने उन बॉलीवुड सिलेब्रिटीज की एक लिस्ट तैयार की है जो इस मामले में गिरफ्तार किए गए बुकियों के जरिए सट्टा लगाते थे।
पश्चिमी उपनगरों के उन पंटरों पर पुलिस की नजर है जो इन बॉलीवुड सिलेब्रिटीज का दांव स्वीकार करते थे।
जानकारों के मुताबिक पुलिस सट्टेबाजी को अपनी जांच में शामिल नहीं करने वाली लेकिन फिक्सिंग के मामले में जरूरत होने पर इन बॉलीवुड सिलेब्रिटीज से पूछताछ की जा सकती है।
फिलहाल, इन सिलेब्रिटीज के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं लेकिन इतने संकेत दे दिए गए हैं कि कोई भी आसानी से इनके बारे में अंदाजा लगा सकता है।

कोलगेट : जांच अधिकारी ही रिश्‍वत लेते पकड़े

नई दिल्ली। सीबीआई ने अपने एक एसपी विवेक दत्त और इंस्पेक्टर राजेश कर्नाटक को अपने मुख्यालय के सामने सात लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया.
मामला भूमि विवाद समझौते का था. यह मामला दिल्ली पुलिस के पास है.
सीबीआई के अनुसार सीबीआई की विशेष जांच शाखा के डीआईजी अनुराग को सूचना मिली कि कोई व्यक्ति भूमि विवाद मामले में सीबीआई के अधिकारियों से संपर्क साध रहा है, जो दिल्ली पुलिस के अधीन है.
सूत्रों के अनुसार व्यवसायी ने सीबीआई से संपर्क साधा जिस पर सीबीआई के एसपी विवेक दत्त और इंस्पेक्टर राजेश कर्नाटक ने आश्वस्त किया कि वह अपने प्रभाव को दिखाते हुए दिल्ली पुलिस से मामले को खत्म करवा देगा.

शुक्रवार, 17 मई 2013

सिर्फ पैसे ही नहीं लिए, लड़कियां भी मंगवाईं

नई दिल्ली । आईपीएल में मैच फिक्सिंग के लिए राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेटरों ने बुकीज से सिर्फ पैसे नहीं लिए। दिल्ली पुलिस को बुकीज के फोन कॉल्स से जो सबूत मिले हैं, उससे पता चलता है कि गिरफ्तार किए गए कम से कम दो क्रिकेटरों को लड़कियां भी सप्लाई की गई थीं।
एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, सट्टेबाजों की रिकॉर्डेड बातचीत से पता चलता है कि दो बुकियों मनन और चांद ने एस. श्रीशांत और अजीत चंदीला के लिए कम से कम तीन बार लड़कियों की व्यवस्था की थी। दिल्ली पुलिस के एक ऑफिसर ने बताया कि इन बातचीतों में कई बार लड़कियों को भेजने और उनके पहुंचने का जिक्र आता है।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...