शनिवार, 25 मई 2013

आईपीएल-3 के बाद की फिर 25 तारीख

नई दिल्ली। समयचक्र बदलते देर नहीं लगती। तीन साल पहले 2010 मे आईपीएल का तीसरा संस्करण समाप्त होने की रात ही आईपीएल अध्यक्ष ललित मोदी को वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों में निलंबित कर दिया गया था और अब आईपीएल-छह के फाइनल की पूर्वसंध्या पर बीसीसीआई के अध्यक्ष एन श्रीनिवासन पर उनके दामाद की सट्टेबाजों के आरोपों के चलते हुई गिरफ्तारी के बाद इस्तीफा देने के लिए दबाव बढ़ रहा है।
आईपीएल के तत्कालीन अध्यक्ष मोदी को जब आईपीएल तीन समाप्त होने के बाद निलंबित किया गया था तो वह 25 अप्रेल की रात थी और आईपीएल फाइनल चेन्नई सुपरकिंग्स तथा मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया था। शनिवार को 25 मई की तारीख है और 26 मई को आईपीएल छह का फाइनल चेन्नई तथा मुंबई के बीच ही खेला जाना है।

सियासत के काले साये में क्रिकेट

बोर्ड ऑफ़ कंट्रोल फ़ॉर क्रिकेट इन इंडिया यानी बीसीसीआई के फ़ैसलों पर क्रिकेटर कम राजनीतिक नेताओं की छत्रछाया ज़्यादा रही है.
बीसीसीआई को चलाने वाले और ख़ासकर अहम फ़ैसले लेने वाली कमेटियों, सब कमेटियों के ओहदेदारों में कम से कम 4 केंद्रीय मंत्री और एक राज्य के मुख्यमंत्री शामिल हैं.

बीसीसीआई के इन अहम पदों पर सत्ता पक्ष के साथ ही विपक्ष के लोग भी विराजमान हैं.
सबसे पहले नाम आता है राजीव शुक्ला का. राजीव शुक्ला संसदीय कार्य राज्यमंत्री हैं और इसके साथ ही वो आईपीएल के चीफ कमिश्नर भी हैं.
आईपीएल आजकल स्पॉट फ़िक्सिंग के विवादों में घिरा है. आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल कमेटी के चेयरमैन के अलावा राजीव शुक्ला मार्केटिंग सब कमेटी के सदस्य हैं.
इसके साथ ही वे सरकार की तरफ से दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन में नामित किए गए हैं.
भाजपा सांसद और हिमाचल प्रदेश के पिछले मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर भी बीसीसीआई में अहम पदों पर मौजूद हैं. वे बीसीसीआई के संयुक्त सचिव होने के अलावा जूनियर क्रिकेट कमेटी और अंपायर्स सब कमेटी के कन्वीनर भी हैं.
अनुराग ठाकुर विज़ी ट्रॉफी कमेटी के संयुक्त संयोजक और ऑल इंडिया जूनियर सेलेक्शन कमेटी के कन्वीनर हैं.
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बीसीसीआई की फाइनेंस कमेटी में चेयरमैन हैं. इसके अलावा वे आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी के खिलाफ़ जांच कर रही अनुशासन समिति के सदस्य भी हैं.
इसके साथ ही ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं.
पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल के इस्तीफे के बाद उनके मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सीपी जोशी संभाल रहे हैं.
अपनी राजनीतिक भूमिका और जिम्मेदारी के साथ ही सीपी जोशी बीसीसीआई की मीडिया कमेटी के चेयरमैन तो हैं ही, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन की भूमिका भी निभा रहे हैं.
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फ़ारुख़ अब्दुल्ला केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं. इसके साथ ही वे बीसीसीआई के ओहदेदार की भूमिका भी निभा रहे हैं.
फ़ारुख़ अब्दुल्ला न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी मंत्रालय का काम देखने के साथ ही बीसीसीआई की मार्केटिंग सब कमेटी के चेयरमैन भी हैं.
भाजपा में प्रधानमंत्री पद के दावेदारों में से एक राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली बीसीसीआई में शायद सबसे ज्यादा कमेटियों में मौजूद हैं.
बोर्ड के नॉर्थ ज़ोन के उपाध्यक्ष होने के अलावा अरुण जेटली दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और टुअर प्रोग्राम एंड फिक्सचर कमेटी के अध्यक्ष भी हैं.
जेटली बीसीसीआई की आईपीएल गवर्निंग काउंसिल कमेटी के अलावा लीगल कमेटी, कॉन्स्टीट्यूशन रिव्यू कमेटी, एफिलिएशन कमेटी, डिसिप्लिनेरी कमेटी के सदस्य भी हैं.
सांसद नवीन जिंदल को सरकार की तरफ से बीसीसीआई में दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन में नामित किया गया है.
जिंदल इंडस्ट्रीज़ के मालिक नवीन जिंदल की बीसीसीआई में अहमियत मानी जाती है.
उनके अलावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री किरन कुमार रेड्डी भी क्रिकेट में दख़ल रखते हैं. वे फिलहाल हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं.
इन राजनीतिक हस्तियों के साथ ही पूर्व में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के कई अध्यक्ष भी राजनीति से जुड़े रहे हैं.
इनमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी और विलासराव देशमुख और एनसीपी नेता शरद पवार शामिल हैं.
-एजेंसी

शुक्रवार, 24 मई 2013

आखिर श्रीनिवासन ने छोटा विमान क्यों खरीदा

उन्होंने आरोप लगाया है कि मयप्पन के कई सट्टेबाजों से घनिष्ठ संबंध हैं.
अश्विन ने अपने पिता श्रीनिवासन पर भी आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा कि आखिर श्रीनिवासन ने छोटा विमान क्यों खरीदा है और वे हमेशा दुबई से ही प्लेन में ईंधन क्यों भरवाते हैं?
आखिर क्या कारण है कि वे इस दौरान चार घंटे तक दुबई में रहते हैं और किसके साथ गोल्फ खेलते हैं.
बीसीसीआई के प्रेसिडेंट श्रीनिवासन के बेटे अश्विन ने मयप्पन पर यह आरोप लगाया है कि उसके संबंध सट्टेबाजों से आईपीएल के पहले से हैं.

बुकीज के लिए मॉडल्‍स भी भेजीं 'जैक' ने

मुंबई। सट्टेबाजी के आरोप में गिरफ्तार बॉलीवुड अभिनेता विंदू दारा सिंह के बारे में चौंकानी वाली जानकारी मिली है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक सेफ सट्टेबाजी के लिए विंदू ने सटोरियों के पास लड़कियां भेजी थी। उसने लड़कियां सप्लाई करने की बात कबूल ली है।
विंदू बुकीज को खुश करने के लिए उनके पास मॉडल्स भेजता था। इससे वह मैच फिक्सिंग के बारे में जानकारी जुटाता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस बात का पता नहीं चल पाया है कि विंदू ने खिलाडियों के पास भी लड़कियां भेजी थी या नहीं। पुलिस अब उन मॉडल्स से पूछताछ करेगी जिनको बुकीज के पास भेजा गया था।

न्यूड औरत और दौलत को कौन छोड़ेगा

आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग के खुलासों के बीच पूर्व सपा नेता अमर सिंह ने कहा है कि इसमें कई मंत्री भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि स्पॉट फिक्सिंग के केस में सिर्फ क्रिकटर्स और बॉलीवुड सितारों को ही क्यों पकड़ा जा रहा है?
वह कई मंत्रियों को जानते हैं जो मैच फिक्सिंग में शामिल हैं।
अगर सही से जांच की जाए तो कई मंत्रियों के नाम उजागर होंगे।
उन्होंने फिक्सिंग में क्रिकेटर्स और फिल्मी सितारों के शामिल होने की वजह भी बताई।
बकौल अमर सिंह आईपीएल नंगी दौलत है, जिसे कोई नहीं छोड़ना चाहता।
उन्होंने कहा कि जिस तरह नंगी औरत को कोई नहीं छोड़ना चाहता, उसी तरह नंगी दौलत को भी कोई क्यों छोड़ेगा?
आईपीएल में बिना मेहनत के पड़ी हुई दौलत मिल रही है। ऎसी नंगी दौलत को बहुत कम लोग ही छोड़ पाते हैं।
-एजेंसी

बुधवार, 22 मई 2013

लोकायुक्‍त ने कहा, शीला से वसूलो 11 करोड़

नई दिल्‍ली । दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को लोकायुक्त ने बड़ा झटका दिया है।
2008 के चुनावों में प्रचार पर पब्लिक का पैसा पानी की तरह बहाने पर लोकायुक्त ने शीला को 11 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में जमा करने को कहा है। 2008 के चुनावों में कांग्रेस ने होर्डिंग पर ही करीब 22 करोड़ फूंक डाले थे। होर्डिंग्स पर सरकार ने सौ गुना ज्यादा पैसा खर्च किया था।

फिक्सिंग में UPA के कुछ मंत्री भी !

जनता पार्टी के नेता सुब्रह्मण्‍यम स्वामी ने बुधवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार आईपीएल की स्पॉट फिक्सिंग सहित हाल में सामने आए हर घोटाले में शामिल है और इसमें लिप्त कुछ मंत्रियों के नाम उजागर होंगे।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि यूपीए के कुछ मंत्रियों का नाम आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में जल्द सामने आएगा।
यूपीए सरकार की मेहरबानी के बिना कोई घोटाला और कांड नहीं हो सकता। यूपीए के मंत्री कोलगेट, राष्ट्रमंडल खेल घोटाले और आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में शामिल रहे हैं। भारत के पड़ोसियों के बारे में स्वामी ने कहा कि चीन के साथ विवाद सिर्फ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलओएसी) को चिन्हित करने को लेकर है जबकि पाकिस्तान के साथ विवाद कश्मीर पर दावेदारी को लेकर है।
स्वामी ने कहा, "हम कश्मीर के मसले पर एक इंच भी समझौता करने को तैयार नहीं है और पाकिस्तान के साथ बातचीत सिर्फ उसके द्वारा अनधिकृत तरीके से कब्जा किए गए कश्मीर के हिस्से पर केंद्रित होनी चाहिए। कश्मीर के मसले पर प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के जनमत संग्रह कराए जाने के वादे पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि नेहरू के समय में मंत्रिमंडल में जनमत संग्रह पर कोई फैसला नहीं लिया गया था और उन्होंने जो कहा था उसके लिए भारत बाध्य नहीं है।
-एजेंसी
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...