मंगलवार, 11 जून 2013

इस्‍तीफे से पहले आडवाणी ने रखी थी PM बनाने की शर्त

नई दिल्‍ली । लालकृष्ण आडवाणी ने पार्टी के तीन प्रमुख पदों से इस्तीफे से पहले भाजपा के समक्ष तीन शर्तें रखी थीं। पार्टी ने उनकी तीनों शर्तें मानने से इंकार कर दिया।
एक समाचार पत्र के मुताबिक आडवाणी ने रविवार को ही अपना इस्तीफा पत्र तैयार कर लिया था। आडवाणी ने पार्टी के समक्ष जो तीन शर्तें रखी थीं उनमें खुद को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग शामिल थी।
आडवाणी का कहना था कि अगर एनडीए सत्ता में आती है तो उन्हें कम से कम छह महीने तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने दिया जाए। आडवाणी का कहना था कि पार्टी में उन्होंने जो योगदान दिया है, उस कारण उनका इस पद पर हक बनता है।

सोमवार, 10 जून 2013

आडवाणी ने भाजपा के सारे पद छोड़े

नई दिल्‍ली (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने पार्टी के महत्वपूर्ण पदों से इस्तीफ़ा दे दिया है.
पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह को भेजे एक पत्र में आडवाणी ने कहा है, ‘‘मैंने फैसला किया है कि मैं पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी, संसदीय बोर्ड और चुनाव समिति से इस्तीफ़ा दे दूं और इस पत्र को मेरा इस्तीफ़ा माना जाए.’’
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव समिति का प्रमुख बनाए जाने से आडवाणी नाराज़ बताए जा रहे थे और वो पार्टी की गोवा में हुई कार्यकारिणी की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे.
आडवाणी ने अपने पत्र में लिखा है कि वो पार्टी की वर्तमान कार्यशैली में कठिनाई महसूस कर रहे हैं और इसलिए इस्तीफा दे रहे हैं.
अपने पत्र में आडवाणी लिखते हैं, ‘‘कुछ समय से जिस दिशा में पार्टी जा रही है उससे और पार्टी की वर्तमान कार्यशैली के साथ तालमेल बिठाने में मैं कठिनाई महसूस कर रहा हूं. अब मुझे नहीं लगता कि ये वो ही पार्टी है जो आदर्शवादी पार्टी डॉ मुखर्जी, पंडित दीनदयालजी, नानाजी और वाजपेयीजी ने बनाई थी. जिसका मुख्य उद्देश्य देश और उसके लोग थे. अब हमारे नेताओं का मुख्य उद्देश्य अपने निजी एजेंडा हैं.’’

BCCI ने कुंद्रा को किया IPL से सस्‍पेंड

नयी दिल्ली ।  बीसीसीआई की बैठक में आज वर्किंग कमेटी ने राज कुंद्रा को आईपीएल से सस्पेंड करने का फैसला किया.
कुंद्रा पर सट्टेबाजी का आरोप लगाया गया था. राज कुंद्रा के वकील ने कहा है कि वे इस फैसले को चुनौती देंगे.
बोर्ड की अंतरिम व्यवस्था के प्रमुख जगमोहन डालमिया को यह बैठक बुलाने के लिये बाध्य होना पड़ा क्योंकि दिल्ली पुलिस ने दावा किया कि राजस्थान रायल्स के हिस्सेदार कुंद्रा ने आईपीएल मैचों के दौरान सट्टेबाजी की बात कबूली है.बीसीसीआई आईपीएल की साख बरकरार रखने के लिये कड़ी कार्रवाई करने के दबाव में है.
बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, राज कुंद्रा के पूरे मामले पर लंबी चर्चा की जायेगी. सदस्य यह भी सिफारिश कर सकते हैं कि उन्हें जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया जाये. अगर वह दोषी पाये जाते हैं तो कार्रवाई की जायेगी. अगर उन्हें क्लीन चिट मिलती है तो वह अपने स्थान पर वापसी कर सकते हैं.
अगर आरोप साबित हो जाते हैं तो राजस्थान रायल्स को आईपीएल से बाहर किया जा सकता है, इससे बचने के लिये फ्रेंचाइजी ने कुंद्रा से दूरी बनानी शुरु कर दी है.(एजेंसी)

रविवार, 9 जून 2013

Who Will Save This Country ?

(लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष)
रोज महाभारत कथा, रोज मृत्‍यु संगीत ।
काल भैरवी नाचती, समय सुनाता गीत ।।
छिद्र बड़े जल भर रहा, तट सुदूर ठहराव ।
दिशाहीन नाविक व्‍यथित, अब-तब डूबी नाव ।।

यह जहरीली बावड़ी, इसमें पलते नाग ।
खेला करते थे यहां, हिल-मिल पुरखे फाग ।।

समीकरण सिकुड़े पड़े, कदम-कदम पर घात ।
हर छतरी में छेद है, बेमौसम बरसात ।।
रोज अघोषित युद्ध है, बजता कभी न शंख ।
सुबह-शाम लथपथ मिलीं, कुछ लाशें कुछ पंख ।।
रक्‍त पी रहा युगों से लाल किला है लाल ।
स्‍वतंत्रता की ओढ़नी, ओढ़े देश विशाल ।।

पता नहीं ''भारतेन्‍दु मिश्र'' के इन दोहों को ''सार्थक'' करने का ''समय'' इंतजार कर रहा था या फिर भारतेन्‍दु मिश्र ने ही हवा के रुख को भांपकर इनकी रचना समय से पहले कर डाली।
जो भी हो, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि राजनीति के इस भयंकर संक्रमण काल पर उनके ये दोहे पूरी तरह सटीक बैठ रहे हैं।

शुक्रवार, 7 जून 2013

आडवाणी मुश्‍किल में....संघ ने तय की रिटायरमेंट एज

नई दिल्‍ली । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की चली तो भाजपा के वरिष्‍ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी पूरा नहीं हो सकेगा।
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार संघ ने आडवाणी को अगला लोकसभा चुनाव न लड़कर सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने और पार्टी में सलाहकार व अभिभावक की भूमिका निभाने का स्पष्ट संदेश भेजने का फैसला कर लिया है।
सूत्र बताते हैं कि नागपुर में संघ के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इसमें भाजपा के अंदर पीएम पद को लेकर और आडवाणी बनाम मोदी पर चल रही खींचतान एवं मीडिया में मचे बवाल पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।

नासाज़ है मोदी के 'दोस्‍तों' की तबियत

गोवा में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से ठीक पहले बीजेपी में नरेंद्र मोदी विरोधी खेमे की 'तबियत खराब' हो गई है।
पार्टी के सीनियर नेता लालकृष्ण आडवाणी, जसवंत सिंह व उमा भारती अचानक 'बीमार' पड़ गए हैं।

आडवाणी को कार्यकारिणी की बैठक से पहले आज गोवा में होने वाली पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होना था लेकिन अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। अब वह शनिवार को सीधे कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे।
जसवंत सिंह और उमा भारती के भी शनिवार को गोवा पहुंचने की चर्चा है।

कुंद्रा के ईमेल ने ही खोल दी उनकी सारी पोल

नई दिल्ली। राजस्थान रॉयल्स के को-ऑनर और बॉलिवुड ऐक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने दिल्ली पुलिस के सामने सट्टेबाजी का गुनाह कबूल किया है। कुंद्रा पिछले तीन आईपीएल सीजन से सट्टेबाजी में लगे थे। कुंद्रा ने इन 3 सालों में 1 करोड़ रुपये का सट्टा लगाया। कुंद्रा के बारे में एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
कुंद्रा 2010 में तत्कालीन आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी से सऊदी अरब में टी20 लीग आयोजित करने के लिए लॉबीइंग कर रहे थे। दुनिया में मध्य-पूर्व के देश सट्टेबाजी के लिए स्वर्ग माने जाते हैं। कुंद्रा 3 साल पहले अमीरात क्रिकेट बोर्ड के साथ मिडल-ईस्ट टी20 लीग कराने की रणनीतिक योजना में जुटे थे। इस बारे में राज कुंद्रा और ललित मोदी के बीच ई-मेल के जरिए व्यापक विचार-विमर्श हुआ था।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...