बुधवार, 27 मार्च 2013

रेणुकाचार्य कर्नाटक मंत्रिमंडल से बर्खास्त

बेंगलूरू। पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य नेताओं पर गंभीर आरोप लगाने वाले राज्य के आबकारी मंत्री एम. पी. रेणुकाचार्य को बुधवार को जगदीश शेट्टार मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया। राजभवन की एक विज्ञप्ति के अनुसार राज्यपाल एच. आर. भारद्वाज ने मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार की सिफारिश स्वीकार करते हुए रेणुकाचार्य को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया।

सोमवार, 25 मार्च 2013

198 सैन्‍यकर्मियों का होगा कोर्ट मार्शल

सेना के एक कर्नल, दो मेजर, एक कैप्टन, 47 जेसीओ और 147 जवानों के खिलाफ कोर्ट मार्शल के रूप में कड़ी कार्यवाही होगी।
मई 2012 में पूर्वी लद्दाख के न्योमा सेक्टर में तोपखाना रेजिमेंट के सैनिक और अधिकारियों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इसी मामले में सेना ने जवानों और अधिकारियों को अनुशासन हीनता का दोषी पाया है।
3 इनफेंट्री डिवीजन के ब्रिगेडियर अजय तलवार की अध्यक्षता में कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी हुई थी। कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी ने 226 फील्ड्स आर्टिलरी रेजिमेंट के 168 लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की है।

UPA से समर्थन वापस लेगी SP !

यूपीए सरकार के लिए और मुश्किलें खड़ी होने वाली हैं। श्रीलंका मुद्दे पर सरकार से पहले ही समर्थन ले चुकी डीएमके के बाद बाहर से समर्थन दे रही समाजवादी पार्टी (सपा) भी सरकार को झटका देने जा रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के बेटे अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी केन्द्र से समर्थन वापस लेने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने यहां तक संकेत दे डाला कि बजट सत्र के दौरान ही उनकी पार्टी समर्थन वापस ले सकती है। ऎसा होता है तो सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। अखिलेश ने कहा कि आप देखेंगे कि बजट सत्र में क्या होता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता तय करेंगे की समर्थन कब वापस लेना है।

मंगलवार, 19 मार्च 2013

माफियाराज का उदाहरण: आगरा का 'पंचशील' प्रोजेक्‍ट

(लीजेण्‍ड न्‍यूज़ विशेष)
उत्‍तर प्रदेश में भूमाफिया कितने शक्‍तिशाली हैं, इसका अंदाज 'लीजेण्‍ड न्‍यूज़' के पास उपलब्‍ध उन कागजातों से लगाया जा सकता है जिनसे साफ पता लगता है कि किस तरह उन्‍होंने आगरा में न केवल उत्‍तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद् की बेशकीमती जमीन कब्‍जा ली बल्‍कि लखनऊ (शासन) तथा इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय के आदेश-निर्देशों तक को ताक पर रखकर निजी आवासीय सुपर लग्‍जरी प्रोजेक्‍ट शुरू कर दिया।
यही नहीं, इस पूरे खेल में 'आगरा विकास प्राधिकरण' ने भी भूमाफियाओं का पूरा साथ दिया। प्राधिकरण ने आवास विकास की जमीन पर बेनारा इन्‍फास्‍ट्रक्‍चर्स डेवलपमेंट प्रा. लि. की ओर से पी.एल. जैन द्वारा प्रस्‍तुत सुपर लग्‍जरी आवासीय प्रोजेक्‍ट बनाने नक्‍शा नियम विरुद्ध तरीके से दि. 02.07. 2010 को पास कर दिया जिससे भूमाफियाओं का काम काफी आसान हो गया। प्राधिकरण ने यह कारनामा तब किया जब आवास विकास परिषद् ने भूमाफियाओं द्वारा नक्‍शा पास कराने का प्रयास पूरी तरह निरस्‍त कर दिया था। यहां यह जान लेना भी जरूरी है कि आवास-विकास क्षेत्र अंतर्गत विकास प्राधिकरण को पूर्व में कुछ समय के लिए मिला नक्‍शा पास करने का अधिकार दि. 23.04.2010 को ही समाप्‍त हो गया था।   

सोमवार, 18 मार्च 2013

खुद तय करें..ये साधु हैं या शैतान ?

अपने विवादित बयानों के कारण बदनाम आसाराम ने भयंकर सूखाग्रस्‍त महाराष्ट्र में होली के नाम पर लाखों लीटर पानी बहा दिया.
होली आने में अभी 10 दिन बाकी हैं लेकिन नागपुर के कस्तूरचंद पार्क में आसाराम बापू ने अपने हजारों भक्तों पर रंगीन पानी की बौछार की.
सबको पता है कि महाराष्ट्र में सूखा है लिहाजा लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। ऐसे में हजारों लीटर पानी होली के नाम पर बहाया जाना कितना उचित है.
आसाराम बापू के इस कृत्‍य का विरोध नागपुर की अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने किया है. समिति के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे हाथ में लेकर आसाराम बापू के द्वारा होली के नाम पर इस तरह बहाये जा रहे पानी का विरोध किया.

शनिवार, 16 मार्च 2013

POK याद दिलाने के लिए.. शुक्रिया अफजल!

गुरूवार (14 मार्च) और शुक्रवार (15 मार्च) के दिन भारतीय संदर्भ में काफी अहम हैं। अहम इसलिए कि इन दो दिनों में जो कुछ घटा, उसका सीधा ताल्‍लुक भारत और भारतवासियों के मान-सम्‍मान से है।
14 मार्च को पाकिस्तान की संसद में एक प्रस्ताव पारित कर अफजल की फांसी की निंदा की गई, दूसरे शब्दों में कहें तो उसने भारतीय मामलों में सीधा-सीधा दखल करने की हिमाकत की।
पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का सुखद पहलू 15 मार्च को तब देखने में आया जब उसने हमारे देश की नेता बिरादरी के 'पुरुषत्व' को झकझोरा या ललकारा। ...और उसकी प्रतिक्रिया संसद में देखने को मिली। जिसमें कहा गया कि पाकिस्तान के गैर कानूनी कब्जे वाले कश्मीर समेत जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा।

गुरुवार, 14 मार्च 2013

ब्लैकमनी को सफेद कर रहे हैं देश के 3 निजी बैंक

नई दिल्ली। कोबरा पोस्ट के खोजी पत्रकार अनिरुद्ध बहल ने मनी लाउंड्रिंग को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
उन्होंने 'ऑपरेशन रेड स्पाइडर' के जरिए स्टिंग करके तीन बड़े प्राइवेट बैंकों में ब्लैक मनी को व्‍हाइट मनी बनाने के गोरखधंधे से पर्दा हटाया है।
अनिरुद्ध ने बताया कि एचडीफीसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक में यह खेल बेरोकटोक चल रहा है।
उन्होंने स्टिंग के दौरान एक नेता का एजेंट बनकर इन बैकों से बात की तो पता चला कि फेमा के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए डिमांड ड्राफ्ट के जरिए ब्लैक मनी जमा किए जाते हैं। ऐसा करने वाले ग्राहकों से केवाईसी (नो योर कस्टमर) और पैन तक नहीं मांगे जाते हैं।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...